25 नवंबर को देवगढ़ में होगी हैरिटेज वॉक
छिंदवाड़ा
20-Nov-26
देवगढ़ के ऐतिहासिक किले से रूबरू होंगे प्रतिभागी
पुरातत्व विशेषज्ञ देंगे महत्वपूर्ण जानकारियां

छिन्दवाडा अपडेट
ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक धरोहरों के महत्व के प्रति जागरूकता फैलाने और उनके संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विश्व धरोहर सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में देवगढ़ के ऐतिहासिक किले के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने और इसके संरक्षण के प्रति संकल्पित करने के उद्देश्य से 25 नवंबर 2026 को देवगढ़ में हैरिटेज वॉक का आयोजन किया जाएगा। इसमें जिलेभर के नागरिक भाग ले सकेंगे।
कलेक्टर हरेंद्र नारायन के मार्गदर्शन में हैरिटेज वॉक की तैयारियां की जा रही हैं। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड एवं जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के संयुक्त प्रयासों से आयोजित इस कार्यक्रम की जानकारी देते हुए नोडल अधिकारी श्री बलराम राजपूत ने बताया कि प्रतिवर्ष 19 से 25 नवंबर तक विश्व धरोहर सप्ताह मनाया जाता है। इसका उद्देश्य विश्वभर में संस्कृति और विरासत के संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों की परंपराओं एवं संस्कृतियों के प्रति जागरूकता फैलाना है।
उन्होंने बताया कि इसी अवसर पर 25 नवंबर 2026 को प्रातरू 9 बजे देवगढ़ के बाजार चौक से किले तक लगभग दो किलोमीटर लंबी हैरिटेज वॉक आयोजित होगी। इसमें पुरातत्व विशेषज्ञ भी शामिल होंगे, जो प्रतिभागियों को देवगढ़ के इतिहास एवं उससे जुड़ी विशेष जानकारियों से अवगत कराएंगे।
नोडल अधिकारी श्री राजपूत ने बताया कि यह हैरिटेज वॉक सभी नागरिकों के लिए खुली है। जिले के जो भी नागरिक इसमें शामिल होना चाहते हैं, वे बुधवार 25 नवंबर को प्रातः 8.30 बजे तक देवगढ़ पहुंचें। हैरिटेज वॉक पूरी तरह निःशुल्क रहेगी। यह नागरिकों के लिए देवगढ़ के ऐतिहासिक किले को करीब से जानने और उसकी विरासत से परिचित होने का विशेष अवसर होगा।