26 नवम्बर को जबलपुर में होगा संविधान रक्षा मार्च
राजनीति
20-Nov-26
छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना जिले से पहुंचेंगे हजारों कांग्रेस जनप्रतिनिधि

छिन्दवाड़ा अपडेट
कांग्रेस 26 नवम्बर 2026 को संविधान दिवस पर संविधान रक्षा मार्च निकालेगी। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह मार्च प्रदेश की राजधानी भोपाल में निकाला जाना सुनिश्चित था, किन्तु अपरिहार्य कारणों से अब यह आयोजन जबलपुर में होगा। छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना जिले से हजारों की संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारीगण व कार्यकर्तागण उक्त मार्च में शामिल होंगे।
छिन्दवाड़ा जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे व पांढुर्ना जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जतन उइके ने संयुक्त बयान में कहा कि 26 नवम्बर 2026 को जबलपुर में आयोजित विशाल संविधान रक्षा मार्च में छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना से कांग्रेस के हजारों पदाधिकारीगण व कार्यकर्तागण पहुंचकर संविधान व वोट की रक्षा के लिए जनहित में आवाज बुलंद करेंगे। संविधान रक्षा यात्रा में सर्वप्रथम संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि अपिर्त की जाएगी जिसके उपरांत संविधान की प्रस्तावना का वाचन करने के साथ ही सभी को इसकी रक्षा की शपथ दिलाई जाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि जबलपुर में आयोजित संविधान रक्षा यात्रा का उद्देश्य संविधान और वोट की रक्षा करना है। कांग्रेस लगातार वोट की चोरी और भारत निर्वाचन आयोग के संस्थागत कब्जे का विरोध कर रही है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, उनके विरुद्ध अभियोजन चलाने व गिरफ्तारी की मांग भी संविधान रक्षा यात्रा में की जाएगी। कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के अलावा आम जनता से भी उक्त यात्रा में सम्मिलित होकर संविधान की रक्षा में अपना अमूल्य योगदान देने का आग्रह किया है।