भाजपा में किसका वजूद होगा मजबूत
लेख
20-Nov-26
छिन्दवाड़ा अपडेट
इन दिनों भाजपा में राजनीतिक रूप से पुराने और धुंधले पड़ चुके चेहरों को फिर से सक्रिय किया जा रहा है फिर चाहे वो पूर्व निगम अध्यक्ष धर्मेन्द्र मिगलानी हो या फिर अरूण शर्मा या रत्नाकर अवारे। इन चेहरों की वापसी से किसका वजूद मजबूत होगा यह बात भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा का विषय बन गई है। राजनीतिक पंडितों की माने तो वर्तमान भाजपा सत्ता और संगठन के बीच झूलती दिखाई दे रही है। भाजपा के अन्य नेता और कार्यकर्ता भी अपनी राजनीतिक महत्वकांक्षा के हिसाब से कभी संगठन की तरफ तो कभी सत्ता पक्ष की तरफ खड़े दिखाई देते हैं क्योंकि जहां संगठन से जुड़े रहने की मजबूरी है तो वहीं सत्ता की मलाई का लालच उन्हें सत्ता खेमे में जुड़ने के लिए मजबूर कर देता है। कुछ नेता असंमजस में है तो कुछ फिलहाल दूरी बनाकर चल रहे हैं। हालांकि इन दोनों में समन्वय बनाने का प्रयास कुछ-कुछ रंग दिखा रहा है। कई अवसरों पर सत्ता और संगठन के शीर्ष पर बैठे चेहरे एक ही मंच पर दिखाई देने लगे हैं लेकिन अंदर ही अंदर खींचतान चेहरे से लेकर विभिन्न गतिविधियों तक दिखाई देती है। इससे स्पष्ट दिखाई देने लगता है कि समन्वय जितना मजबूत दिखाई दे रहा है अंदर से उतना ही खोखला है।
संगठन के शीर्ष नेतृत्व के धार्मिक आयोजन में सत्ता के शीर्ष नेता का न पहुंचना इसका ताजा उदाहरण है। जिले से लेकर प्रदेश स्तर तक प्रयास किए जा रहे हैं कि किसी भी तरह सत्ता और संगठन का तालमेल न बिगड़े लेकिन न ताल दिखाई दे रहा है न मेल। दिखाई दे रहा है तो सिर्फ मन का मैल। यह मैल आने वाले चुनावों के पूर्व तक वास्तविक और सच्चे मेल में नहीं बदला तो सत्ता और संगठन दोनों की सफाई हो सकती है। सत्ता-संगठन की खींचतान और आम जनता की नाराजगी भविष्य में कुछ अलग तस्वीर बना सकती है इसकी भविष्यवाणी राजनीतिक पंडितों ने अभी से कर दी है। ये वक्त है संभलने का और जनता की नाराजगी को संभालने का। अगर ऐसा ही रहा तो न वजूद बचेगा और न भविष्य। कहीं ऐसा न हो नए दौर में नई कहानी लिखी जाएगी और वर्तमान इतिहास बन जाएगा।