नारियल हटाने के आदेश से नाराज हनुमान भक्त पहुंचे कलेक्ट्रेट
छिंदवाड़ा
09-Jun-26
कलेक्टर को सौंपकर किया हनुमान चालीसा का पाठ
छिन्दवाड़ा
रेलवे स्टेशन रोड तिलक मार्केट स्थित सुप्रसिद्ध श्री केसरी नंदन (नारियल वाले) हनुमान मंदिर परिसर की दीवारों पर श्रद्धालुओं द्वारा मन्नत के रूप में बांधे गए नारियलों को हटाने के प्रशासनिक आदेश के विरोध में आज मंदिर ट्रस्ट और भारी संख्या में धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं का आक्रोश फूट पड़ा। अनुविभागीय दण्डाधिकारी एसडीएम छिन्दवाड़ा द्वारा जारी इस आदेश के विरोध में आज मंगलवार 9 जून को समस्त श्रद्धालुओं और ट्रस्ट के सदस्यों और धार्मिक संगठनों ने सैकड़ों की संख्या में जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान विरोध दर्ज कराते हुए आक्रोशित श्रद्धालुओं ने जमकर नारेबाजी की ओर कलेक्ट्रेट कार्यालय के मुख्य गेट के सामने बैठकर सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया और प्रशासन से इस आदेश को तुरंत वापस लेने की मांग की। मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं का कहना है कि श्री केसरी नंदन हनुमान मंदिर में मन्नत पूरी होने पर नारियल की तोरण बनाकर मंदिर की दीवारों पर बांधने की वर्षों पुरानी धार्मिक और पारंपरिक प्रथा है। इसी अनूठी और अद्वितीय आस्था के कारण यह मंदिर पूरे क्षेत्र और दूर-दूर तक नारियल वाले हनुमान मंदिर के नाम से सुप्रसिद्ध है। प्रशासन द्वारा इन नारियलों को हटाकर अन्यत्र रखने का आदेश देना श्रद्धालुओं की आस्था, परंपरा और धार्मिक संस्कृति पर सीधा कुठाराघात है। ज्ञापन सौंपने पहुंचे प्रबुद्ध नागरिकों और श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जनभावनाओं और बरसों पुरानी इस धार्मिक परंपरा का सम्मान करते हुए इस आदेश को तत्काल निरस्त किया जाए।