Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

सौंसर पहुंचे राज्यपाल मंगुभाई पटेल, जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना की

सौंसर पहुंचे राज्यपाल मंगुभाई पटेल, जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना की
छिंदवाड़ा
21-May-26
वर्ष 2047 तक देश को सिकल सेल मुक्त बनाने का मोदी जी का संकल्प: बंटी विवेक साहू

छिन्दवाड़ा

सिकल सेल एनीमिया जैसी गंभीर आनुवांशिक बीमारी को सही समय पर जांच, व्यापक जागरूकता एवं व्यवस्थित उपचार के माध्यम से पूरी तरह नियंत्रित और समाप्त किया जा सकता है। जानकारी के अभाव में यह बीमारी माता-पिता से बच्चों में चली जाती है, लेकिन यदि समय रहते स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियां अपनाई जाएं, तो इसके प्रसार को प्रभावी रूप से रोका जा सकता है। उक्त उदगार राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुये कहे।

राज्यपाल मंगुभाई पटेल गुरुवार को सौंसर विकासखंड के वन ग्राम आमला में आयोजित राष्ट्रीय सिकल सेल उन्मूलन मिशन-2047 कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने नागरिकों से महत्वपूर्ण अपील करते हुए कहा कि विवाह से पूर्व लड़का एवं लड़की दोनों के स्वास्थ्य कार्ड का मिलान अवश्य किया जाना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ी को इस बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।

उन्होंने सिकल सेल मरीजों को नियमित उपचार एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि इस बीमारी का उपचार एलोपैथी, आयुर्वेद एवं होम्योपैथी तीनों चिकित्सा पद्धतियों में उपलब्ध है। राज्यपाल श्री पटेल ने सांसद बंटी विकेक साहू के सामाजिक व जनहितेशी कार्यों एवं जिले में लगाए जा रहे स्वास्थ्य शिविरों की प्रशंसा की। परिचय के दौरान राज्यपाल श्री पटेल ने सांसद बंटी विवेक साहू के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर जनता के बीच सक्रिय रहते हैं तथा शिविरों एवं यात्राओं के माध्यम से लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।    

राज्यपाल ने प्रधानमंत्री आवास को बताया आमजन के लिए वरदान

अपने संबोधन में राज्यपाल श्री पटेल ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के सकारात्मक प्रभावों का उल्लेख करते हुए कहा कि जब वे स्वयं हितग्राहियों के आवासों का निरीक्षण करने जाते हैं, तो लोग भावुक होकर बताते हैं कि कैसे इस योजना ने उनके कच्चे मकान से पक्के घर का सपना साकार किया है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपनी बेटियों को उच्च एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने का आग्रह करते हुए कहा कि शिक्षा ही प्रगति एवं सफलता का सबसे बड़ा माध्यम है। स्वास्थ्य की दृष्टि से उन्होंने सभी नागरिकों को अपने दैनिक भोजन में मिलेट्स (मोटे अनाज) को शामिल करने की सलाह दी। अंत में उन्होंने जिलेवासियों के स्वस्थ एवं निरोगी रहने की कामना की।

सांसद ने कहा राज्यपाल के नेतृत्व में सिकलसेल मुक्त होगा मध्यप्रदेश

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि वर्ष 2047 तक देश को सिकल सेल मुक्त बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए सभी के प्रयास जरूरी है। उन्होंने राज्यपाल मंगूभाई पटेल द्वारा मध्यप्रदेश में सिकलसेल मुक्ति के लिए आदिवासी अंचलों में चलाए जा रहे अभियान की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 2047 तक लिए गए सिकलसेल मुक्ति के संकल्प को पूरा करने के लिए राज्यपाल मंगूभाई पटेल द्वारा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा रही है। जिसके चलते जल्द ही संपूर्ण मध्यप्रदेश राज्यपाल मंगूभाई पटेल के नेतृत्व में सिकलसेल मुक्त होगा। उन्होंने सौंसर के छोटे से गांव आमला में राष्ट्रीय सिकल सेल उन्मूलन मिशन-2047 के कार्यक्रम में शामिल होने पर राज्यपाल मंगूभाई पटेल का आभार व्यक्त किया। साथ ही जिले के विकास में हर दम सहयोग प्रदान करने के लिए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया।

राज्यपाल और सांसद ने प्राकृतिक जैविक उत्पादों के स्टॉल का किया निरीक्षण

पांढुर्णा जिले के सौसर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत आमला में महामहिम राज्यपाल मंगुभाई पटेल और सांसद बंटी विवेक साहू के द्वारा किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग द्वारा लगाए गए प्राकृतिक जैविक उत्पादों के स्टॉल का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर महामहिम राज्यपाल ने प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों से चर्चा कर उनके अनुभवों की जानकारी प्राप्त की। महामहिम राज्यपाल श्री पटेल ने किसानों द्वारा उत्पादित प्राकृतिक जैविक उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि प्राकृतिक खेती से तैयार उत्पाद मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत उपयोगी एवं लाभकारी हैं। उन्होंने किसानों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया। विशेष रूप से कृषक मटरूलाल डोंगरे ग्राम भूम्मा द्वारा उत्पादित जैविक हल्दी एवं जैविक तुअर दाल तथा मोरेश्वर दानवे सौसर द्वारा उत्पादित शुगर फ्री जैविक काला आलू एवं  प्राकृतिक सोना मोती गेहूं की जानकारी महामहिम राज्यपाल द्वारा किसानों से चर्चा कर प्राप्त की गई। महामहिम ने इन उत्पादों की विशेष सराहना करते हुए प्राकृतिक खेती को समय की आवश्यकता बताया।

राज्यपाल और सांसद ने किया हितलाभों का वितरण

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल मंगुभाई पटेल और सांसद बंटी विवेक साहू ने विभिन्न हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। कार्यक्रम में आदिवासी लोक कलाकारों द्वारा पारंपरिक लोक नृत्य एवं गीतों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनकी राज्यपाल श्री पटेल ने विशेष सराहना की। राज्यपाल श्री पटेल ने कलाकारों की प्रस्तुति, आदिवासी संस्कृति एवं कलाकृतियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का परिचायक है। कार्यक्रम के समापन उपरांत राज्यपाल मंगुभाई पटेल, सांसद बंटी विवेक साहू सहित अन्य अतिथियों ने खूंटामा में आदिवासी समाज के नागरिक राजू धुर्वे के निवास पर पहुंचकर आत्मीयता के साथ भोजन ग्रहण किया।

कार्यक्रम में यह रहे प्रमुख रूप से उपस्थित

कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच श्रीमती वंदना वासनिक ने की। इस अवसर पर पूर्व मंत्री नाना भाऊ मोहोड़, जिला पंचायत सदस्य संदीप मोहोड़, जनपद अध्यक्ष संजय भूते, विधायक विजय चौरे, विधायक नीलेश उइके, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पुन्हार, सांसद प्रतिनिधि रोहित पोफली, वरिष्ठ भाजपा नेता सदन साहू, राहुल मोहोड़, राजु नरोटे, विश्वेन्द्र बैस सहित अनेक जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। प्रशासनिक स्तर पर संभाग आयुक्त, आईजी, कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
Share News On