Home News Helpline Classified Jobs About Contact

श्रद्धा और संकल्प के साथ मनाई गई गोपाष्टमी

श्रद्धा और संकल्प के साथ मनाई गई गोपाष्टमी
धर्म
17-Nov-26
संतों और गोभक्तों ने दी 1966 के गो-शहीदों को श्रद्धांजलि

छिंदवाड़ा अपडेट

बुधवार को गोपाष्टमी के पावन पर्व पर संत श्री आसाराम बापू आश्रम गौशाला में राम गोधाम सेवा समिति के संयुक्त तत्वाधान में आदर्श गौशाला चंदनगांव में गौ माता का भव्य पूजन एवं गोपाष्टमी उत्सव श्रद्धा पूर्वक मनाया गया। इस गरिमामयी आयोजन में मुख्य अतिथि एवं सानिध्य मां नर्मदा की असीम कृपा पात्र परिक्रमावासी व्यास महाराज रविकांत शास्त्री जी का प्राप्त हुआ। कार्यक्रम के दौरान 1966 में गौ रक्षा आंदोलन के दौरान शहीद हुए हजारों संतों व गोभक्तों को नमन करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

गौ माता राष्ट्र माता घोषित हो: आचार्य रविकांत शास्त्री

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रमुख परिक्रमावासी व्यास जी महाराज रविकांत शास्त्री ने कहा, गौ माता केवल पशु नहीं, बल्कि हमारी मां और जगत जननी हैं। उन्होंने 1966 के ऐतिहासिक गो-रक्षा आंदोलन को याद करते हुए कहा कि आज ही के दिन तत्कालीन सरकार द्वारा संतों पर जगन्य गोलियां चलाई गई थीं, जिसमें हजारों संतों ने शहादत दी थी।

महाराज श्री ने वर्तमान सरकारों से पुरजोर मांग करते हुए कहा कि शंकराचार्य स्वामी करपात्री महाराज के नेतृत्व में शुरू हुआ यह संघर्ष आज भी प्रासंगिक है। सरकार को अतिशीघ्र गौ माता को राष्ट्र माता का गौरवशाली दर्जा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार प्रकृति की रक्षा के लिए मां नर्मदा का आशीर्वाद प्राप्त है, उसी प्रकार प्रकृति के संवर्धन के लिए 33 कोटि देवी-देवताओं से सुसज्जित गौ माता का संरक्षण हम सबका परम कर्तव्य है।

भगवान कृष्ण से जुड़ा है गोपाष्टमी का इतिहास

राम गोधाम सेवा समिति के संकल्पित पंडित राजेश शर्मा स्वदेशी ने गोपाष्टमी के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आज के ही दिन भगवान श्रीकृष्ण ने पहली बार गोवंश को चराने का कार्य प्रारंभ किया था। उन्होंने कहा कि 1966 में जब लाखों गोभक्त दिल्ली में गौ हत्या बंद करने और गौ माता को राष्ट्र माता बनाने की मांग को लेकर पहुंचे थे, तब क्रूरतापूर्वक उन पर गोलियां बरसाई गईं।

कार्यक्रम के दौरान जय गौ माता-राष्ट्र माता और शहीदों का बलिदान नहीं जाएगा खाली के नारों से पूरा सभा स्थल गूंज उठा। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते शासन-प्रशासन ने गौ संरक्षण और राष्ट्र माता के दर्जे पर ध्यान नहीं दिया, तो देश का जनमानस उग्र आंदोलन के लिए सड़क पर उतरने को विवश होगा।

गणमान्य गोभक्तों की रही उपस्थिति

कार्यक्रम का शुभारंभ गौ माता के पूजन, गुरु वंदना और शहीदों को श्रद्धांजलि के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रमुख रूप से पंडित राजेश शर्मा (स्वदेशी), भाई दयाराम जी (बापू आश्रम), वरिष्ठ श्री परसाई जी, प्रदीप जैन गुड्डा भैया (जिला अध्यक्ष, गौ सेवा अभियान), रविंद्र कुशवाहा (वन प्रेमी), महेश वंदेवार (प्रकृति प्रेमी) रामदास जी, पंडित अजय शर्मा, पंडित मनोज शर्मा, सुनील शास्त्री, विनोद दुबे, कृष्ण कुमार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य गोभक्त उपस्थित रहे।
Share News On