Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

50 साल तक छिंदवाड़ा कांग्रेस के परिवारवाद का निजी बगीचा रहा: शेषराव यादव

50 साल तक छिंदवाड़ा कांग्रेस के परिवारवाद का निजी बगीचा रहा:  शेषराव यादव
छिंदवाड़ा
13-Feb-26
 
छिंदवाड़ा

भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कांग्रेस विधायक सुजीत चौधरी के बयान पर घोर आपत्ति दर्ज करते हुए पलटवार किया। भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि चौरई विधायक सुजीत चौधरी का आज का बयान पढ़कर तो लगा कि कोई पुरानी फिल्म का डायलॉग दोहरा रहा है- विकास रोका जा रहा है, धमकी दी जा रही है, मुंह पर तमाचा! अरे भाई, 50 साल तक छिंदवाड़ा कांग्रेस के परिवारवाद का निजी बगीचा रहा। सड़कें टूटीं, अस्पताल अधूरे, संभाग की मांग पर सिवनी-बालाघाट आपत्ति का बहाना बनाकर टाल दिया गया। उन्होंने कहा कि कमलनाथ खुद यहां के बड़े नेता थे, तब संभाग क्यों नहीं बन पाया? क्या तब कोई धमकी नहीं थी, या सिर्फ परिवार का विकास चल रहा था?

उन्होंने कहा कि अब भाजपा आई, तो विकास की बरसात हुई है खेल एवं युवा मामले के मंत्री विश्वास सारंग ने अपने छिंदवाड़ा प्रवास के दौरान ऐलान किए कि  छिंदवाड़ा में बड़ा आधुनिक स्टेडियम बनेगा, हर विधानसभा में खेल परिसर, जिला मुख्यालय में स्विमिंग पूल, खेलो इंडिया का प्रस्ताव केंद्र को भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि भाजपा सांसद विवेक बंटी साहू द्वारा 102 करोड़ की सड़क-पुल परियोजनाएं , बंद कोयला खदानों को चालू करने की योजना, पर्यटन रोडमैप की सौगातें दी गई हैं।

संभाग पर सच्चाई

श्री यादव ने बताया कि प्रशासनिक पुनर्गठन आयोग ने 2025 में छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में बैठकें कीं, स्थानीय प्रतिनिधियों की सुनी गई। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने पहले घोषणा की थी और अब प्रक्रिया तेज है। उन्होंने बताया कि जनगणना से पहले सीमाएं स्थिर रखी गई हैं, ताकि कोई जल्दबाजी न हो, यह रोक नहीं, गंभीरता है। कांग्रेस के समय तो मांग पर फाइलें दबा दी जाती थीं। भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने विधायक सुजीत चौधरी से पूछा कि 50 साल में एक भी बड़ा स्टेडियम क्यों नहीं बना? क्योंकि कांग्रेस का विकास सिर्फ चुनावी घोषणा तक था।

जब कमलनाथ सत्ता में थे, तब संभाग की आपत्ति कहां गायब थी? अब भाजपा के समय प्रक्रिया चल रही है, तो धमकी का राग? श्री यादव ने कहा कि जनता अब वादे नहीं, परिणाम देख रही है।  छिंदवाड़ा अब कांग्रेस का किला नहीं रहा  यह भाजपा का विकास का किला बन चुका है। उन्होंने कहा कि चौधरी जी, तमाचा लगाने की बात छोड़िए। असली तमाचा तो जनता ने 2024 में कांग्रेस को दिया था जब 1 लाख 13 हजार वोटों से हराया। अब हताशा में ऐसे बयान देकर जनता को गुमराह मत कीजिए। उन्होंने कहा कि भाजपा धमकियों से नहीं, काम से जवाब देती है। छिंदवाड़ा बनेगा संभाग, विकास रुकेगा नहीं छिंदवाड़ा जाग चुका है और अब सिर्फ भाजपा के साथ है।
Share News On