किसानों को आज मिलेगी पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त
कृषि जगत
29-Oct-26
प्रधानमंत्री श्री मोदी गुजरात के बनासकांठा से किसानों को करेंगे राशि का वितरण

छिन्दवाडा अपडेट
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त का वितरण 30 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गुजरात के बनासकांठा से देशभर के किसानों को किया जाएगा। इस अवसर पर 30 अक्टूबर को पीएम किसान उत्सव दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस संबंध में संचालनालय किसान कल्याण तथा कृषि विकास मध्यप्रदेश, भोपाल द्वारा 27 अक्टूबर 2026 को जारी निर्देशों के परिपालन में अपर कलेक्टर श्री धीरेन्द्र सिंह ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
निर्देशानुसार जिला , विकासखंड एवं पंचायत स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में मंत्रीगण, सांसद, विधायक एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा। जिला एवं ब्लॉक स्तर पर प्रोजेक्टर तथा बड़ी स्क्रीन के माध्यम से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसके साथ ही ग्राम पंचायतों, कृषि मंडियों, कृषि विज्ञान केंद्रों, एफपीओ, प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्रों एवं प्राथमिक कृषि ऋण समितियों में भी प्रसारण की व्यवस्था की जाएगी। कार्यक्रम में अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम का राष्ट्रीय स्तर पर प्रसारण किया जाएगा।