गेहूं उपार्जन में अनेकों विसंगतियों का सामना कर रहे किसान: कांग्रेस
छिंदवाड़ा
16-Apr-26
बारदाने का अभाव, स्लॉट बुकिंग, सत्यापन के लिये भटक रहा किसान
छिन्दवाड़ा
गेहूं उपार्जन में अनेकों विसंगतियों का सामना कर रहे किसान सतत रूप से परेशान हो रहे हैं। स्लॉट बुकिंग से लेकर बारदानों के अभाव में किसान परेशान हो रहे। खरीरी केन्द्रों पर फैली अव्यवस्थाओं से किसान त्रस्त है और सरकारी तंत्र का इस ओर ध्यान नहीं है। इसीलिये अविलम्ब खरीदी केन्द्रों पर व्यवस्था सुधारने की आवश्यकता है। उक्त उदगार जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी पुष्पेन्द्र सिंह ने मीडिया से कहे।

जिले के अनेकों गेहूं उपार्जन केन्द्रों पर बारदाने के अभाव में गेहूं खरीदी प्रारंभ नहीं की गई है। गेहूं खरीदी उपार्जन केन्द्रों में तुरंत बारदाने की व्यवस्था कर खरीदी प्रारंभ की जानी चाहिये। उन्होंने आरोप लगाते हुये कहा कि जिले के किसान स्लॉट बुकिंग और सत्यापन के लिये यहां-वहां भटक रहे हैं। किसानों के खेतों में गेहूं की फसल लगाई थी उनका पंजीयन भी हो गया अब उन्हें असत्यापित कर दिया गया है। सत्यापन के लिये किसान परेशान हो रहे हैं और इससे किसान अपनी उपज बेचने से वंचित हो जायेंगे और उन्हें मजबूरन कम दामों पर अपनी फसल मंडियों में बेचने को मजबूर होना पडे़गा। इसी तरह सरकार द्वारा किसानों से गेहूं बहुत कम लिमिट में खरीदना तय किया गया। किसानों के खेतों के रकबे और क्षेत्रफल के हिसाब से किसानों से गेहूं खरीदी की जानी चाहिये।
जिले में खाद्य एवं कृषि विभाग की उदासीनता से लाखों किसान पंजीयन से वंचित है इसकी जिम्मेदारी तय कर लापरवाह अधिकारियों के विरूद्ध कार्यवाही की जानी चाहिये। इसके अतिरिक्त चना व मसूर उत्पादक किसानों को भी खरीदी केन्द्रों से वापस भेजा जा रहा है उस पर रोक लगाई जाये और आवश्यक रूप से किसानों की उपज खरीदी जाये। कृषि उपज मंडियों में किसानों से समर्थन मूल्य से कम पर खरीदी नहीं होनी चाहिये। किसान परिवारों के यहां विवाह समारोह और बच्चों की फीस इत्यादि जमा करना है उनकी उपज नहीं बिक पाने से उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों की उपरोक्त समस्याओं के संदर्भ में उन्होंने जिला किसान कांग्रेस की ओर से समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण के लिये मुख्यमंत्री म.प्र.शासन एवं जिला कलेक्टर को ज्ञापन प्रेषित किया है।