Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

स्वस्थ्य जीवनशैली अपनाने विद्यार्थियों को दी जानकारी

स्वस्थ्य जीवनशैली अपनाने विद्यार्थियों को दी जानकारी
छिंदवाड़ा
20-Feb-26

एनएसएस शिविर में स्वास्थ्य जागरूकता पर डॉक्टरों ने रखे विचार

छिंदवाड़ा

जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत उद्यानिकी महाविद्यालय छिंदवाड़ा द्वारा ग्राम गुरैया में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के तृतीय दिवस ‘स्वास्थ्य जागरूकता’ विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। शिविर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तहत संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम में आयुष विभाग के विशेषज्ञों ने ग्रामीणों एवं छात्र-छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम के दौरान आयुष मंत्रालय के नशा मुक्त भारत अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. नितिन टेकरे ने उपस्थित ग्रामीणों एवं स्वयंसेवकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए सभी से व्यसनमुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया।

डॉ. नितिन टेकरे ने अपने व्याख्यान में दैनिक दिनचर्या, रात्रिचर्या, योग एवं प्राणायाम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संतुलित आहार-विहार और सद्वृत्त के पालन से व्यक्ति निरोगी जीवन जी सकता है। उन्होंने आयुष विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी।

आयुर्वेद मेडिकल ऑफिसर डॉ. हरीश सतनामी ने किचन गार्डन के लाभों पर प्रकाश डालते हुए रसोई में उपलब्ध मसालों के औषधीय उपयोग की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने सदाचार और साइबर सुरक्षा के प्रति भी सभी को जागरूक किया। इसी क्रम में आयुर्वेद मेडिकल ऑफिसर डॉ. नीरज विश्वकर्मा ने सिकल सेल एनीमिया एवं स्त्री रोगों के प्रबंधन पर विस्तार से जानकारी दी तथा आयुष विभाग की ‘देवारण्य योजना’ के बारे में भी बताया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की वैज्ञानिक डॉ. शिखा शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी, महाविद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। 
Share News On