निर्माण एजेंसी की लापरवाही, फूटी सीवरेज पाइप लाइन में पार्षद ने दिया धरना
छिंदवाड़ा
25-Jun-25
छिंदवाड़ा
शहर में पिछले तीन-चार सालों से सीवर पाइप लाइन बिछाने का काम चल रहा है। लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन यह काम कर रही है लेकिन इस कंपनी की कार्यप्रणाली से पूरे शहरवासी परेशान हो गए हैं। ऐसा ही कुछ बुधवार को भी हुआ जब वार्ड नं. 42 में सीवरेज लाइन से अचानक पानी की तेज बौछार का फव्वारा निर्मित हो गया इसके साथ ही हजारों लीटर पानी सड़कों पर बहने लगा। जब यह बात वार्ड पार्षद संदीप सिंह चौहान को मिली तो वे तुरंत ही घटना स्थल पर पहुंचे और उन्होंने क्षतिग्रस्त पाइप लाइन पर बैठकर तुरंत ही धरना प्रारंभ कर दिया।
पार्षद संदीप सिंह चौहान का कहना था कि सीवर लाइन निर्माण का कार्य बहुत ही गैर जिम्मेदारी से किया जा रहा है जिसके कारण आम जनता परेशान हो रही है और पाइपलाइन लीकेज से जनता की परेशानी और बढ़ गई है। उन्होंने कहा, मैं गुलाबरा क्षेत्र की जनता का प्रतिनिधि हूं और उनकी परेशानी दूर करना मेरी जिम्मेदारी है। इसके पहले भी मैंने निर्माण एजेंसी की लापरवाही को प्रशासन के ध्यान में लाया लेकिन कहीं कोई कार्यवाही नहीं हुई। उन्होंने कहा कि मैं विरोध करता हूं और तब तक विरोध करता रहूंगा जब तक समस्या का समाधान नहीं हो जाता। विरोध प्रदर्शन के बाद नगर निगम और सीवर लाइन निर्माण कर्मचारी मौके पर पहुंचे और फूटी पाइपलाइन की मरम्मत शुरू कर दी। पार्षद के विरोध के बाद समस्या का समाधान होने से जनता को राहत मिली है।