राशन दुकान से गेंहू चोरी करने वालों को पुलिस ने पकड़ा
छिंदवाड़ा
25-Jun-25
छिंदवाड़ा
शहर में पुलिस की चुस्त कार्यप्रणाली रंग ला रही है। इक्का-दुक्का घटनाओं को छोड़ दे तो शहर में शांति व्यवस्था कायम दिख रही है। पुलिस की चुस्त कार्यप्रणाली बुधवार को भी देखने को मिली जब राशन दुकान से गेंहू चोरी करने वाले आरोपियों को पकड़ लिया। जिला पुलिस अधीक्षक अजय पांडे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष गुप्ता द्वारा दिए गए दिशा निर्देशों और आदेशों के परिपालन में देहात थाना प्रभारी जीएस राजपूत और उनकी टीम अव्वल दिखाई पड़ रही है। 23 जून को काराबोह राशन दुकान से गेंहू चोरी करने वाले आरोपियों को मात्र 2 दिनों में ही पुलिस ने पकड़ लिया। चोरी करने वालों में सरवन मंडराह, शैलेन्द्र गढ़ेवाल, हमीद खान और सरजू मंडराह शामिल है। इनके पास से 42 बोरी गेंहू बरामद किया गया जिसकी बाजार में कीमत 52 हजार रूपए के आसपास आंकी जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को गिरफतार कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया गया।