आयुर्वेद के क्षेत्र में डॉ. रश्मि नेमा को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान
छिंदवाड़ा
07-Apr-26
विश्व स्वास्थ्य दिवस पर छिंदवाड़ा की बेटी ने बढ़ाया मान
छिन्दवाडा
जब समर्पण, सेवा और संवेदनशीलता एक साथ मिलते हैं, तो सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं रहती, बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणा बन जाती है। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर ऐसा ही गौरवपूर्ण क्षण सामने आया, जब छिंदवाड़ा की डॉ. रश्मि नेमा ने अपने उत्कृष्ट कार्यों से जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।

राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (मानित विश्वविद्यालय), जयपुर में आयोजित पीजी स्कॉलर्स (बैच 2022) के ‘समावर्तन’ (विदाई समारोह) में डॉ. रश्मि नेमा (प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग) को प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान संस्थान के कुलपति प्रो. संजीव शर्मा के करकमलों से प्रदान किया गया, जबकि डीन पोस्ट ग्रेजुएट स्टडीज़ प्रो. गोपेश मंगल भी इस गरिमामय अवसर पर उपस्थित थे।
प्रशंसा पत्र में डॉ. नेमा की चिकित्सा नैतिकता, करुणा और मानव सेवा के प्रति उनके समर्पण की विशेष सराहना की गई। साथ ही उनके अकादमिक उत्कृष्टता और आयुर्वेद के सिद्धांतों को व्यवहारिक चिकित्सा में अपनाने के प्रयासों को भी रेखांकित किया गया। डॉ. रश्मि नेमा की यह उपलब्धि न केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि छिंदवाड़ा जिले के लिए भी गर्व का विषय है, जो आने वाली पीढ़ी को यह संदेश देती है कि समर्पण और मेहनत से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।