जल संकट की शिकायत कें लिए अधिकारियों के मोबाइल नंबर जारी
छिंदवाड़ा
07-Apr-26
कलेक्टर ने ग्रामीण जल प्रदाय योजनाओं की समीक्षा की
छिंदवाड़ा
कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने आज कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में ग्रामीण जल प्रदाय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने ग्रीष्मकाल के दौरान पेयजल संकट वाली बसाहटों पर विशेष ध्यान केंद्रित करने और समस्याओं का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर श्री नारायन ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और ग्राम पंचायतों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति सुचारू बनी रहे। साथ ही पीएचई के मैदानी अमले को नियमित फील्ड भ्रमण करने के निर्देश दिए गए, जिससे धरातल पर आने वाली तकनीकी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जा सके।
ग्रीष्मकाल की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए खंड एवं उपखंड स्तर पर पूर्व से स्थापित कंट्रोल रूम को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। मार्च माह के दौरान कंट्रोल रूम के प्रदर्शन की समीक्षा में पाया गया कि खंड परासिया में प्राप्त 93 शिकायतों में से 84 का निराकरण किया गया, वहीं खंड छिंदवाड़ा में प्राप्त 70 शिकायतों में से 69 का समाधान किया गया। कलेक्टर श्री नारायन ने इसी सक्रियता के साथ आगे भी कार्य करने और सभी शिकायतों को कंट्रोल रूम पंजी में दर्ज कर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इन मोबाइल नंबरों पर करें शिकायत
खंड स्तर पर कंट्रोल रूम प्रभारी के रूप में नितिन चतुर्वेदी, सहायक मानचित्रकार मोबाइल नंबर- 7889783894 को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं उपखंड स्तर पर अधिकृत सहायक यंत्रियों के माध्यम से भी नागरिक अपनी पेयजल संबंधी समस्याएं दर्ज करा सकते हैं। उपखंड परासिया के लिए सुश्री प्रार्थी घुर्रे मोबाइल नंबर- 8319256799, उपखंड जामई के लिए सोनल पारधी मोबाइल नंबर- 8319912793 तथा उपखंड अमरवाड़ा के लिए पूनम कुमार सनोड़िया मोबाइल नंबर- 9752305190 को जिम्मेदारी दी गई है। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे पेयजल संबंधी किसी भी समस्या की सूचना संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि उसका प्रभावी एवं त्वरित निराकरण किया जा सके।