जनगणना 2027 को लेकर जिला एवं चार्ज स्तरीय अधिकारियों का जिला स्तरीय प्रशिक्षण शुरू
छिंदवाड़ा
23-Feb-26
छिंदवाड़ा
भारत की जनगणना 2027 का कार्य दो चरणों में संपादित किया जाएगा। इसके अंतर्गत प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य मध्यप्रदेश राज्य में 01 से 30 मई 2026 की अवधि में किया जाएगा। इस संबंध में अधिसूचना 23 जनवरी 2026 को मध्यप्रदेश के राजपत्र में प्रकाशित की जा चुकी है। जनगणना कार्य निदेशालय भोपाल के निर्देशानुसार जिले में तैयारियों को गति देते हुए कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी हरेंद्र नारायन के मार्गदर्शन में दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार से प्रारंभ हो चुका है। जिसका औपचारिक शुभारम्भ कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी श्री नारायन द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। प्रशिक्षण का आयोजन नगर निगम छिंदवाड़ा के सभाकक्ष में किया जा रहा है, जिसमें भारत सरकार द्वारा जिले के लिये नियुक्त राष्ट्रीय ट्रेनर एवं संयुक्त निदेशक जनगणना रामावतार पटेल द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
दो चरणों में संपन्न होगी जनगणना 2027
प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा जो 01-30 मई 2026 तक चलेगा। प्रथम चरण के कार्य से द्वितीय चरण की जनगणना के लिये आधार तैयार होगा, इसलिए प्रथम चरण के सफल संचालन के लिये जिला एवं चार्ज स्तरीय अधिकारियों के प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया जा रहा है, जिससे जनगणना का कार्य पूरी सटीकता के साथ सम्पन्न हो सके। द्वितीय चरण में जनगणना का कार्य 1 से 28 फरवरी 2027 के मध्य पूर्ण किया जाएगा।
कलेक्टर हरेंद्र नारायन के निर्देशानुसार 23 एवं 24 फरवरी 2026 को जिला स्तरीय प्रशिक्षण जिला स्तरीय जनगणना अधिकारियों एवं ग्रामीण चार्ज जनगणना अधिकारियों के लिए आयोजित किया गया है। जिसके बाद 25 एवं 26 फरवरी 2026 को नगरीय चार्ज जनगणना अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण प्रतिदिन प्रातः 10.30 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। यद्यपि प्रगणकों को घर - घर जाना होगा। इसमें स्व - गणना के लिए भी पोर्टल बनाया गया है। आमजन से प्रथम चरण के दौरान स्व गणना पोर्टल का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की गई है।
अधिकारियों को बताया गया कि जनगणना कार्य पूर्णतः गोपनीय, निष्पक्ष एवं वैज्ञानिक पद्धति पर आधारित होता है। इसमें प्राप्त आंकड़े शासन की नीतियों, योजनाओं के निर्माण तथा संसाधनों के न्यायसंगत वितरण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। जनगणना अधिनियम के तहत जनगणना प्रक्रिया के दौरान आमजन को सही जानकारी देना अनिवार्य है। इस प्रशिक्षण में अपर कलेक्टर धीरेंद्र सिंह, जिला जनगणना प्रभारी अनुज सोलंकी, जिला जनगणना अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर पुष्पेंद्र निगम, आयुक्त नगर निगम सी.पी.राय, मास्टर ट्रेनर प्रो. पी.एन.सनेसर सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित थे।