Home News Helpline Classified Jobs About Contact

विद्याभूमि में आयोजित की जिला स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता

विद्याभूमि में आयोजित की जिला स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता
खेल
08-Aug-26
संभागीय स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे विजेता प्रतिभागी

छिंदवाड़ा

विद्याभूमि पब्लिक स्कूल के तत्वावधान में जिला स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन शनिवार को विद्याभूमि के स्वीमिंग पूल में किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विकासखंडों की टीमों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर विद्यालय प्रशासिका डॉ. विजया यादव, प्राचार्य तथा विद्याभूमि पब्लिक स्कूल क्रिकेट क्लब के अध्यक्ष राजेश बोध ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। प्रतियोगिता में मोहखेड़, सौंसर एवं छिंदवाड़ा विकासखंड की टीमों ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर संभागीय स्तर के लिए खिलाड़ियों का चयन किया गया। चयनित खिलाड़ी आगामी संभागीय प्रतियोगिता में छिंदवाड़ा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी योगेश चौरिया, मोहखेड़ से संजय शर्मा, सौंसर से युनुस खान, अजहर अली एवं उज्ज्वला सहित विद्याभूमि पब्लिक स्कूल के मंसूर बाबा, पंकज श्रीवास, असलम खान एवं ध्वनि दरवई सहित अन्य अधिकारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

विद्यालय प्रबंधन द्वारा प्रतियोगिता के आयोजन के लिए आवश्यक सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता कैलेंडर के अनुरूप जिला स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता के आयोजन की जिम्मेदारी विद्याभूमि पब्लिक स्कूल को मिली थी। विद्यालय प्रबंधन की ओर से चेयरमैन डॉ. शेषराव यादव, विद्यालय प्रशासिका डॉ. विजया यादव एवं तकनीकी निदेशक विशेष यादव सहित जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े सभी लोगों को शुभकामनाएं दीं।
Share News On