जिला चिकित्सालय एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस जागरूकता सप्ताह मना
स्वास्थ्य
19-Nov-26
रैली एवं पोस्टर के माध्यम से दिया एंटीबायोटिक के विवेकपूर्ण उपयोग संदेश

छिन्दवाडा अपडेट
विश्व एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत जिला चिकित्सालय छिंदवाड़ा में आज शपथ ग्रहण समारोह, जागरूकता रैली एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा एंटीबायोटिक दवाओं के सही एवं विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं आमजन को जागरूक करना था।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. कंचन दुबे, आर.एम.ओ. डॉ. हर्षवर्धन कुड़ापे, माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. जीवन शेट्टी, माइक्रोबायोलॉजिस्ट डॉ. पूर्ति त्रिपाठी, असिस्टेंट मैनेजर डॉ. उदय पराड़कर एवं माइक्रोबायोलॉजी विभाग से डॉ. हिमांशु सिंह सहित समस्त चिकित्सकगण, सभी इंचार्ज सिस्टर एवं अस्पताल के कर्मचारी उपस्थित थे। इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस की रोकथाम के लिए शपथ ली तथा आमजन को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। जागरूकता रैली एवं पोस्टर प्रतियोगिता के माध्यम से एंटीबायोटिक दवाओं के अनावश्यक उपयोग से बचने और इनके सही इस्तेमाल का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से आमजन से अपील की गई कि एंटीबायोटिक दवाओं का उपयोग केवल आवश्यकता अनुसार एवं चिकित्सक की सलाह पर ही करें। दवाओं का सही समय पर और सही तरीके से उपयोग करके एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस की रोकथाम में अपनी महत्वपूर्ण सहभागिता निभाएं।