जनजातीय गौरव दिवस को लेकर जिला भाजपा की बैठक 13 नवंबर को
राजनीति
12-Nov-26
जिला संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला लेंगे बैठक

छिंदवाड़ा अपडेट
भारतीय जनता पार्टी जिला छिंदवाड़ा द्वारा भगवान बिरसा मुंडा जयंती, जनजातीय गौरव दिवस एवं आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर शुक्रवार 13 नवंबर को जिला भाजपा कार्यालय छिंदवाड़ा में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में जिला संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहकर संगठनात्मक विषयों एवं आगामी कार्यक्रमों को लेकर मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। साथ ही भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, सांसद विवेक बंटी साहू एवं विधायक राजा कमलेश शाह का भी मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
भाजपा जिला महामंत्री कमलेश उइके ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक तीन चरणों में आयोजित की जाएगी। प्रथम चरण में दोपहर 2 बजे भगवान बिरसा मुंडा जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन तथा संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी। इसके पश्चात शाम 4 बजे मंडल प्रभारियों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें मंडल स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों एवं आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा तथा कार्ययोजना पर चर्चा होगी।
इसी क्रम में शाम 5 बजे लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान की टोली के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें अभियान की रूपरेखा, जनसंपर्क गतिविधियों एवं आगामी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विचार-विमर्श कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
श्री उइके ने बताया कि दोपहर 2 बजे आयोजित जिला स्तरीय बैठक में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, मोर्चा जिलाध्यक्ष, महापौर, नगर पालिका एवं नगर परिषद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, जनपद पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के मंडल अध्यक्ष एवं मंडल महामंत्री तथा वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति अपेक्षित है। भाजपा जिला महामंत्री कमलेश उइके ने सभी अपेक्षित पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ नेताओं से निर्धारित समय पर जिला भाजपा कार्यालय पहुंचकर संबंधित बैठकों में अनिवार्य रूप से सहभागिता करने का आग्रह किया है।