Home News Helpline Classified Jobs About Contact

नाराज कांग्रेस नेता शिकायत लेकर सिटी कोतवाली पहुंचे

नाराज कांग्रेस नेता शिकायत लेकर सिटी कोतवाली पहुंचे
राजनीति
12-Nov-26
रीवा सांसद के विरुद्ध तत्काल प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर आपराधिक मुकदमा चलाने की मांग

छिन्दवाड़ा अपडेट

गुरूवार की दोपहर जिला किसान कांग्रेस के नेतृत्व में कांग्रेस नेता सिटी कोतवाली थाना पहुंचे और अपनी मांगों का ज्ञापन थाना प्रभारी को सौंपा। प्रस्तुत ज्ञापन के माध्यम से किसान कांग्रेस ने मांग की है कि भाजपा के रीवा सांसद के खिलाफ तत्काल प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज की जाए साथ ही उनके खिलाफ आपराधिक मुकदमा चलाया जाए। उन्होंने सार्वजनिक रूप से बयान देकर देश के अन्नदाता का अपमान किया है। उनके द्वारा की गई टिप्पणी अशोभनीय और निंदनीय है, जिसका किसान कांग्रेस कड़ी निंदा करती है साथ ही शासन व प्रशासन से मांग करती है कि उनके विरुद्ध तत्काल ठोस कार्रवाई की जाए।

किसान कांग्रेस के द्वारा प्रस्तुत ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि भाजपा के रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा द्वारा सार्वजनिक मंच पर किसान भाइयों को लेकर अपमानजक टिप्पणी की गई है। टिप्पणी में उन्होंने किसानों को मात्र 3 माह काम करने और 09 माह ताश खेलने, गुटका खाने, शराब व गांजा पीने जैसी अभद्र भाषा का प्रयोग किया है। इससे किसानों के मान, सम्मान एवं स्वाभिमान को ठेंस पहुंचायी है। इससे देश, प्रदेश और जिले के किसान भाई आहत है।

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कहा कि किसानों के विरुद्ध भाजपा के नेताओं की जुबान से जहर उगला जा रहा है। किसान समाज का सबसे प्रतिष्ठित और मेहनतकश श्रेणी है जो विषम और कठिन दौर में भी कृषि कार्य को पूरा कर जनता का पेट भरने के लिए अनाज उत्पादित करता है। वह अपने उपज के लिए उचित मूल्य मांग रहा है, लेकिन भाजपा के नेताओं की वहां जुबान नहीं खुल रही। किसान भाइयों को अपमानित करना उचित नहीं है इसकी कांग्रेस कड़ी निंदा करती है।

किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष चौधरी पुष्पेन्द्र सिंह ने कहा कि कठिन परिश्रम कर देश के लिए अन्न का उत्पादन करने वाले किसान भाइयों पर इस तरह की टिप्पणी करना भाजपा के अहंकार और सत्ता के नशे को साफ दर्शा रहा है। आने वाले समय में किसान भाई और जनता मिलकर नशा उतारेगी, किन्तु इसके पूर्व अभद्र भाषा का प्रयोग करने वाले सांसद के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध किया जाना नितांत आवश्यक है ताकि भविष्य में भाजपा के नेता किसान भाइयों पर ऐसे बयानबाजी की पुनरावृत्ति ना कर सकें।

ज्ञापन सौंपते समय विश्वनाथ ओकटे, गंगाप्रसाद तिवारी, चौधरी पुष्पेन्द्र सिंह, धर्मेन्द्र सोनू मागो, गुंजन शुक्ला, भैयाजी शिवारे, बबला पटेल, देवकरण पटेल, यश कराड़े, बृजेश राय, शिवराज चौरे, शैलेष पाटनकर, रामनाथ यहाके, शैलेष ठाकुर, रमन भारद्वाज, आरिफ ठाकुर, अरविंद पटेल, हेमंत बरड़े, नारू सोनी, आशीष कुभरे सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्तागण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Share News On