Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

सामाजिक एकता और कुरीतियों के उन्मूलन पर हुआ मंथन

सामाजिक एकता और कुरीतियों के उन्मूलन पर हुआ मंथन
छिंदवाड़ा
06-Apr-26

छिंदवाड़ा नगर में सद्भाव बैठक सम्पन्न

छिंदवाड़ा

मोहन नगर स्थित सतपुड़ा विधि महाविद्यालय में एक महत्वपूर्ण सद्भाव बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्न जाति-बिरादरी के प्रमुख एवं समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तियों ने सक्रिय सहभागिता की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य समाज में व्याप्त कुरीतियों के उन्मूलन के साथ एक सशक्त, संगठित एवं समरस समाज का निर्माण करना रहा। विशेष रूप से एक आदर्श हिंदू परिवार की अवधारणा पर विस्तृत चर्चा की गई।

इस अवसर पर वक्ताओं ने समाज एवं देश के समक्ष उपस्थित चुनौतियों पर गंभीर विचार-विमर्श करते हुए उनके समाधान हेतु सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि सभी जाति एवं समुदाय आपसी समन्वय, सहयोग और सद्भाव की भावना को और अधिक सुदृढ़ करेंगे।
कार्यक्रम का मूल उद्देश्य हिंदू समाज में एकता बनाए रखना तथा विभिन्न जाति-बिरादरी के बीच आपसी सामंजस्य को बढ़ावा देना रहा। 

बैठक में इस बात पर भी विचार किया गया कि एक आदर्श परिवार एवं घर का स्वरूप कैसा हो तथा बच्चों में भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों के प्रति सम्मान कैसे विकसित किया जाए। बैठक में ब्राह्मण, क्षत्रिय, स्वर्ण समाज, यादव समाज, कुनबी समाज, तिरोले कुनबी समाज, चर्मकार समाज, प्रजापति समाज, ठाकुर समाज, पवार समाज, गुजराती समाज, जैन समाज, विश्वकर्मा समाज, साहू समाज, राजस्थानी ब्राह्मण समाज सहित अन्य कई समाजों के प्रतिनिधि एवं प्रमुख व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने अपने विचार रखते हुए सामाजिक सद्भाव को सुदृढ़ करने एवं कुरीतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के उपाय सुझाए। अंत में सभी उपस्थित जनों ने सामाजिक एकता, सहयोग एवं सकारात्मक परिवर्तन के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।
Share News On