बाबा खाटू श्याम के भजनों की होगी वर्षा, भक्तिरस में भीगेंगे श्याम भक्त
छिंदवाड़ा
26-Jun-25
छिंदवाड़ा
शहर से लगे हुए ग्राम मोठार में बाबा खाटू श्याम के भक्तों ने वृहद आयोजन रखा है। इस आयोजन में बाबा खाटू श्याम को 56 भोग तो लगाया ही जाएगा साथ ही मनोहर झांकी व इत्र वर्षा भी की जाएगी। बारिश के मौसम में बाबा के भजनों की प्रस्तुति भी भजन गायक करेंगे। जानकारी देते हुए अखिल अजय सूर्यवंशी ने बताया कि 27 जून की शाम मोठार में बाबा खाटू श्याम के भक्तों द्वारा भजन संध्या का आयोजन किया गया है। शुक्रवार को समय सायं 7 बजे से प्रभु इच्छा तक ग्राम मोठार में भक्ति और श्रद्धा का अनुपम संगम देखने को मिलेगा, जहाँ बाबा खाटू श्याम जी की विशाल भजन संध्या का आयोजन भव्यता के साथ संपन्न किया जाएगा। श्री सूर्यवंशी ने जानकारी देते हुए बताया कि संध्या में जिले के प्रतिष्ठित भजन कलाकारों द्वारा एक से बढ़कर एक भक्तिमय प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी, जो श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा और आनंद से भर देंगी। इस अवसर पर बाबा की मनोहारी झांकी, इत्र वर्षा, भव्य 56 भोग, एवं अन्य विशेष आयोजन भी किए जाएंगे, जो कार्यक्रम को एक दिव्य स्वरूप प्रदान करेंगे। सभी श्रद्धालुओं से निवेदन है कि वे समय पर पहुंचकर इस पावन आयोजन का लाभ लें एवं भक्ति रस में सराबोर हों।