Home News Helpline Classified Jobs About Contact

गन्ने का मूल्य 600 रूपये प्रति क्विंटल देने की मांग

गन्ने का मूल्य 600 रूपये प्रति क्विंटल देने की मांग
राजनीति
21-Nov-26
किसान कांग्रेस नेे कहा बढ़ी हुई लागत के हिसाब से 450 रुपए प्रति क्विंटल दाम उचित नहीं

छिंदवाड़ा अपडेट

जिला किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौधरी पुष्पेन्द्र सिंह ने वक्तव्य जारी कर कहा कि जिले के गन्ना उत्पादक किसानों को गन्ना उपज का दाम प्रति क्विंटल 600 रूपये प्रदान किया जाना चाहिये। उन्होंने बताया कि गन्ने की फसल में लागत बहुत अधिक बढ़ गयी है और किसानों को बढ़ी हुई लागत, महंगे खाद, महंगी बिजली के कारण उपरोक्त फसल में अत्याधिक मजदूरी भी लग रही है।

बढ़ी हुई लागत को दृष्टिगत रखते हुए भाजपा सरकार द्वारा गन्ने का उचित लाभकारी मूल्य किसानों को प्रदान नहीं किया जाता। किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि सरकार द्वारा 350 से 450 रूपये प्रति क्विंटल मूल्य निर्धारित किया जाता है जो कि काफी कम है। उल्लेखनीय है कि गन्ने से बनने वाली शक्कर के दाम 60 रूपये प्रति किलो हो गये हैं, ऐसी स्थिति में किसानों के लिये भी सरकार को 600 रूपये प्रति क्विंटल गन्ने का उचित मूल्य प्रदान करना चाहिये। मिल मालिक अपनी मनमर्जी से किसानों के लिये उचित मूल्य तय कर लेते हैं जो कि गलत है। कांग्रेस के कार्यकाल में गन्ना का दाम किसानों से चर्चा के उपरांत तय किए जाते थे और उन्हें उचित दाम भी मिलता था किन्तु विगत वर्षों से मिल मालिक गन्ने का दाम तय करते है जिससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पाता।

किसानों का शोषण होता है और उन्हें अपनी फसल की लागत भी नहीं मिल पाती। जिला प्रशासन, मिल मालिक और किसान जन प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की जानी चाहिये और बैठक में किसानों को 600 रूपये प्रति क्विंटल गन्ना उपज का मूल्य दिया जाना जरूरी है। इस संबंध में किसान कांग्रेस ने कलेक्टर को ज्ञापन प्रेषित किया है, शीघ्र ही इस पर किसान हित में कार्यवाही नहीं की गई तो धरना, प्रदर्शन व आंदोलन किए जाएंगे।
Share News On