उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले 81 विधार्थियों का सम्मान
शिक्षा
21-Nov-26
नोडल आईटीआई में पांचवे दीक्षांत समारोह में शामिल हुए सांसद

छिन्दवाड़ा अपडेट
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश आत्मनिर्भर और विकसित हो रहा है। भारत को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने में कौशल युक्त युवा नींव की तरह है। युवा नौकरी करने वाले नहीं बल्कि नौकरी देने वाले बने। यह बात सांसद बंटी विवेक साहू ने नोडल आईटीआई छिन्दवाड़ा में आयोजित पांचवे दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होते हुए कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लखनउ से कार्यक्रम को वर्चुअल तौर पर संबोधित किया। इस पूर्व सांसद बंटी विवेक साहू पांढुर्णा में आयोजित दीक्षांत समारोह में वर्चुअल रूप से शामिल हुए और युवाओं को संबोधित किया। सांसद ने छिन्दवाड़ा सहित जिले भर की आईटीआई में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले 81 बच्चों को मोमेंटों और मेडल देकर सम्मानित भी किया। छिन्दवाड़ा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि विकसित भारत 2047 का लक्ष्य केवल आर्थिक विकास का लक्ष्य नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक युवा को उसकी क्षमता के अनुरूप अवसर प्रदान करने का संकल्प भी है। हमारी युवा शक्ति की प्रतिभा, कौशल और ऊर्जा को सही दिशा और अवसरों से जोड़कर ही आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत का निर्माण संभव है।
सांसद बंटी विवेक साहू ने बताया कि पिछले बारह वर्षों में भारत में रोजगार के क्षेत्र में काफी बदलाव आया है। वर्ष 2014-15 से 2023-24 के बीच रोजगार में 17.1 करोड़ की बढ़ोतरी हुई है। रोजगार दर भी 2017-18 में 46.8 प्रतिशत से बढ़कर 2025 में 57.4 प्रतिशत हो गई है, जबकि बेरोजगारी दर 7 प्रतिशत से घटकर 3.1 प्रतिशत रह गई है। इस अवसर पर सांसद बंटी विवेक साहू ने आईटीआई के युवाओं को नए कारोबार को बढ़ावा देने, अधिक लोगों को रोजगार से जोड़ने, निवेश और बुनियादी ढांचे को बढ़ाने, प्रशिक्षण के अवसर बढ़ाने के साथ ही शिक्षा और उद्योग के बीच बेहतर तालमेल किस तरह रोजगार के अवसर बढ़ाने आदि विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। कार्यक्रम को उधोगपति दारा जुनेजा और मंडल अध्यक्ष सौरभ ठाकुर ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन उज्जवल भौमिक और श्रीमती कल्पना सूर्यवंशी के द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान सांसद प्रतिनिधि रोहित पोफली, मंडल अध्यक्ष नवीन बारस्कर, अंकुर शुक्ला, श्रीमती लीला बजोलिया, भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री बिट्टू विवेक मंडराह, रवि मालवी, अंकित तिवारी, शशांक सिंह चंदेल, अभिषेक राय, कुणाल पाल, निशा गोस्वामी, ममता डोंगरे, राज गौहर, आईटीआई के प्राचार्य शुभम निमजे, पीके मानेगुर्दे, शिव कुमार सनोडिया, प्रकाश उईके, प्रकाश सर्राठी, अनिल बंदेवार, आरसी रजक, एसपी सूर्यंवंशी, एके देशमुख सहित अन्य स्टॉफ और बड़ी संख्या में विधार्थी मौजूद थे।