Home News Helpline Classified Jobs About Contact

भोपाल में भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ ने स्वास्थ्य सेवा एवं कार्ययोजना पर की चर्चा

भोपाल में भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ ने स्वास्थ्य सेवा एवं कार्ययोजना पर की चर्चा
स्वास्थ्य
21-Nov-26
प्रदेश स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं एवं शासकीय योजनाओं का लाभ पहुँचाने का संकल्प 

भोपाल/छिंदवाड़ा 

भारतीय जनता पार्टी चिकित्सा प्रकोष्ठ, मध्य प्रदेश की प्रदेश स्तरीय बैठक 19 नवंबर को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश संयोजक डॉ. विशाल बघेल के साथ प्रदेश सह-संयोजक डॉ. कृष्ण हरजानी, डॉ. राहुल सप्रा, डॉ. बलराम गुप्ता, डॉ. सचेत व्यास, डॉ. शिवशंकर गुर्जर,  एवं डॉ. गौरव प्रताप सिंह गहरवार तथा प्रदेश सेवा प्रकल्प प्रमुख डॉ. गौरव विजयवर्गीय उपस्थित रहे। बैठक में चिकित्सा प्रकोष्ठ द्वारा प्रदेशभर में किए गए सेवा कार्यों की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई।

प्रदेश संयोजक डॉ. विशाल बघेल ने बताया कि चिकित्सा प्रकोष्ठ द्वारा प्रदेश में अब तक 97 स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से 14,600 मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ दिया गया है। वहीं नियमित रक्तदान शिविरों के माध्यम से 1,074 यूनिट तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर प्रदेश के 62 जिलों में आयोजित विशेष अभियान के माध्यम से 10,200 यूनिट रक्तदान कराया गया।

सेवा प्रकल्प के अंतर्गत भोपाल में अब तक 400 मरीजों को चिकित्सा सहायता एवं मार्गदर्शन दिया गया तथा 250 मरीजों को मुख्यमंत्री सहायता योजना का लाभ दिलाया गया है। इसके साथ ही ग्वालियर में भी सेवा प्रकल्प कार्यालय प्रारंभ किया गया है।

बैठक में आगामी कार्ययोजना के अंतर्गत 12 जनवरी, स्वामी विवेकानंद जयंती पर Run for Health कार्यक्रम आयोजित करने, खंडवा, इंदौर, मुरैना, सतना, उज्जैन, छिंदवाड़ा, हरदा एवं बैतूल में सेवा प्रकल्प कार्यालयों का विस्तार करने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने पर चर्चा की गई।

साथ ही प्रदेश के शेष जिलों में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने, स्वास्थ्य शिविरों एवं रक्तदान अभियानों का विस्तार करने तथा अधिक से अधिक डॉक्टरों एवं चिकित्सा विशेषज्ञों को संगठन से जोड़ने की कार्ययोजना बनाई गई। बैठक में संकल्प लिया गया कि चिकित्सा प्रकोष्ठ सेवा, समर्पण एवं संगठन के माध्यम से प्रदेश के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाओं एवं शासकीय योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए निरंतर कार्य करेगा।
Share News On