डाक घर में अब सातों दिन मिलेगी आधार अपडेट की सुविधा
छिंदवाड़ा
21-Nov-26
रविवार को भी खुलेगा प्रधान डाकघर छिंदवाड़ा का आधार केंद्र
नौकरीपेशा एवं व्यस्त नागरिकों को मिलेगी राहत
रविवार को प्रातः 10 से शाम 6 बजे तक संचालित होगा आधार केंद्र

छिन्दवाडा अपडेट
भारतीय डाक विभाग द्वारा आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। अब प्रधान डाकघर छिंदवाड़ा स्थित आधार केंद्रों पर सप्ताह के सातों दिन आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके तहत अब रविवार को भी आधार केंद्र खुले रहेंगे, जिससे नौकरीपेशा एवं व्यस्त नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।
रविवार को प्रधान डाकघर छिंदवाड़ा में आधार केंद्र का संचालन प्रातः 10 बजे से शाम 6 बजे तक किया जाएगा। इस सुविधा से ऐसे नागरिकों को विशेष लाभ मिलेगा, जो अपनी नौकरी एवं व्यस्त दिनचर्या के कारण सामान्य कार्यदिवसों में आधार केंद्र नहीं पहुंच पाते हैं। अब वे रविवार की छुट्टी का उपयोग कर आसानी से आधार संबंधी कार्य करा सकेंगे।
आधार केंद्र पर नया आधार पंजीयन, बायोमेट्रिक अपडेट, जनसांख्यिकीय (डेमोग्राफिक) अपडेट, मोबाइल नंबर अपडेट, ई-केवाईसी सहित आधार से संबंधित अन्य उपलब्ध सेवाओं का लाभ लिया जा सकेगा। भारतीय डाक विभाग की इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को उनकी सुविधानुसार आधार सेवाएं उपलब्ध कराना तथा आधार पंजीयन एवं अपडेट की प्रक्रिया को अधिक सरल और सुलभ बनाना है।