अनखावाड़ी स्वास्थ्य शिविर में 310 मरीजों का इलाज
स्वास्थ्य
21-Nov-26
सांसद ने ग्रामीणों की शिकायत पर एएनएम को दी हिदायत

छिंदवाड़ा अपडेट
100 दिन सेवा संकल्प एवं स्वास्थ्य अभियान की श्रृंखला में बटकाखापा भाजपा मंडल के ग्राम अनखावाड़ी में 67 वां स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान सांसद बंटी विवेक साहू का आदिवासी संस्कृति और परंपरा के अनुसार ढोल नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया। भव्य स्वागत से अविभूत हुए सांसद बंटी विवेक साहू ने आदिवासी टोली के बीच ही जाकर मंजीरा भी बजाया। इस अवसर पर क्षेत्र के वरिष्ठ जनों व ग्रामीणों ने गांव की एएनएम की शिकायत की जिस पर सांसद ने एएनएम को मौके पर ही बुलाकर नियमित रूप से गांव में ही रहकर लोगों का इलाज कराने की हिदायत दी। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्या सुनकर उसका निराकरण भी किया।
इस दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री बनने के बाद से देश में जनजातीय और गरीब कल्याण व जन कल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं और आज उन्हीं की योजनाओं से दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। भारत एक महाशक्ति बनकर उभर कर आ रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की प्रेरणा से स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, हमारे जिले के दूर दराज क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सुविधा मिले उनकी बड़ी बीमारियों का इलाज अच्छे अस्पताल में हो सके इस उद्देश्य को लेकर स्वास्थ्य शिविर आयोजित हो रहे है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की योजनाओं के साथ हमारी सरकार जनजातीय गांवों के विकास को लेकर संकल्पित है।
शिविर के दौरान कुल 310 ग्रामीणों ने अपना पंजीयन कराया, जिसमें 165 महिलाओं व बालिकाओं और 145 पुरूषों व युवाओं के स्वास्थ्य का परीक्षण कर निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। 03 गंभीर मरीजों को उचित उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रेफर भी किया गया। कार्यक्रम को भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री टीकाराम चंद्रवंशी व बटकाखापा मंडल अध्यक्ष हरीश साहू सहित अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से सांसद प्रतिनिधि रोहित पोफली, भाजपा नेता प्रहलाद पगारे, सुमन भारती, सग्गन परतेती, हल्को भारती, कौशल्या डेहरिया, भीम दुबे, अरूण साहू, दीपक सूर्यवंशी, अग्घन मर्सकोले, अनकलाल इवनाती, राकेश राजपूत, रामदयाल सारथी, भोलाराम साहू, इंद्रकुमार सूर्यवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद थे।