निगम कर्मचारियों के वेतन भुगतान के लिए कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन
छिंदवाड़ा
22-Aug-26
छिन्दवाड़ा

नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा में कार्यरत नियमित, विनियमित, दैनिक वेतनभोगी, संविदा एवं अन्य कर्मचारियों के लंबित वेतन भुगतान की ओर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सुरेश कपाले ने ध्यान कराया। नगर निगम के कर्मचारी निरंतर शहर की सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक नागरिक सेवाओं में पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रहे हैं। इसके बावजूद समय पर वेतन का भुगतान नहीं होने से कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के समक्ष आर्थिक कठिनाइयां उत्पन्न हो रही हैं।
आगामी रक्षाबंधन पर्व दिनांक 28 अगस्त को दृष्टिगत रखते हुए कर्मचारियों को उनके लंबित जुलाई एवं अगस्त के वेतन का तत्काल भुगतान किया जाना अत्यंत आवश्यक है, ताकि कर्मचारी एवं उनके परिवार पर्व को सम्मानपूर्वक मना सकें। नगर निगम के समस्त पात्र कर्मचारियों के लंबित वेतन का तत्काल भुगतान सुनिश्चित किया जाए तथा भविष्य में भी प्रत्येक माह निर्धारित समय-सीमा में वेतन भुगतान की व्यवस्था की जाए। कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति एवं उनके परिवारों की आवश्यकताओं को देखते हुए इस विषय पर तत्काल सकारात्मक कार्रवाई अपेक्षित है।