कमलनाथ व नकुलनाथ ने किसानों की बिजली समस्याओं को गम्भीरता से लिया
राजनीति
22-Aug-26
शहरी क्षेत्र के किसानों के कृषि पम्पों से तत्काल स्मार्ट मीटर हटवाने कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

छिन्दवाड़ा
भाजपा सरकार के द्वारा शहरी क्षेत्र के किसान भाइयों पर थोपे गए स्मार्ट मीटर जेब काटने का काम बड़ी तेजी से कर रहे हैं। नौबत यह आ गई है कि मोटर पम्प नहीं चल रहे फिर भी स्मार्ट मीटर पूरी गति से घूम रहे। कृषि पम्प के बिलों को जमा करते-करते थक चुके हैं। सतत रूप से विद्युत वितरण कम्पनी के पदाधिकारियों से लिखित व मौखिक निवेदन के बाद भी समाधान नहीं निकलने पर क्षेत्र के आस-पास के किसान भाइयों ने मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ जी के संज्ञान में समस्या लाई। नेताद्वय ने त्वरित निराकरण के लिए कांग्रेस जिला अध्यक्ष को निर्देशित किया कि एक प्रतिनिधि मंडल सम्बंधित विभागीय अधिकारी के पास भेजकर किसानों की समस्याओं के निदान हेतु आवश्यक चर्चा करें।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने अधीक्षण यंत्री से चर्चा की और कांग्रेस जनसमस्या निवारण प्रकोष्ठ एवं जिला किसान कांग्रेस को निर्देशित किया कि वे तत्काल विद्युत वितरण कम्पनी कार्यालय पहुंचकर किसानों की समस्या का निराकरण के लिए सम्बंधित अधिकारी से चर्चा करें। जिला किसान कांग्रेस एवं कांग्रेस जनसमस्या निवारण प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौधरी पुष्पेन्द्र सिंह एवं जनसमस्या निवारण प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मुकेश उपाध्याय के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने जिले एवं शहर की विद्युत समस्याओं के त्वरित निराकरण किये जाने के लिये मुलाकात अधीक्षण यंत्री सुनील कुमार सिन्हा से भेंट की साथ किसानों के प्रतिनिधि मंडल की भेंट कराई।
कांग्रेस ने प्रस्तुत ज्ञापन के माध्यम से प्रमुख समस्याओं से अवगत कराते हुए उसके तत्काल निराकरण की मांग की। मुख्य समस्याओं में शहरी क्षेत्र में किसानों के कृषि पम्प कनेक्शनों से स्मार्ट मीटर तुरंत निकाले जाने बार-बार किसानों से ली जा रही सुरक्षा निधि वापस किये जाने, फ्लैट रेट पर बिजली उपलब्ध करवाने, स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक लगाये जाने, जिले के ग्रामीणों क्षेत्रों में किसानों के कृषि पम्प कनेक्श्न बिना सहमति के हार्स पावर वृद्धि को अभियान चलाकर सुधार किये जाने, बढे़ हुये बिलों में सुधार और सबसे प्रमुख जिले में किसानों के खेतों में झूलते तारों से कृषि कार्य में हो रही असुविधाओं और हादसों को देखते हुये उनको तत्काल ठीक किये जाने और निगम में सम्मिलित नये 24 गांवों में रात्रिकालीन विद्युत आपूर्ति खराब होने पर तुरंत सुधार हेतु मोबाइल वेन सेवा शुरू करने की मांग की। अघोषित कटौती तत्काल बंद करने की मांग कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने की है। ज्ञापन प्रस्तुत करते समय भैय्याजी शिवारे, बबला पटेल, राहुल दुबे, शैलेष पाटनकर, राजेश चौधरी, नारू सोनी, शिव सिरसाम,शिवराज चौरे, राजेन्द्रनाथ, रामनाथ डाहके, ओमकार सूर्यवंशी, भगवानदास सूर्यवंशी सहित अन्य उपस्थित रहे।