Home News Helpline Classified Jobs About Contact

भाजपा सरकार की अनीतियों के खिलाफ जंगी प्रदर्शन के लिए कांग्रेस तैयार

भाजपा सरकार की अनीतियों के खिलाफ जंगी प्रदर्शन के लिए कांग्रेस तैयार
राजनीति
02-Sep-26
राजीव भवन में सम्पन्न हुई जिला कांग्रेस की अहम बैठक में बनाई गई रणनीति

पदाधिकारियों के कार्यों की वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों ने की समीक्षा, दिये आवश्यक दिशा निर्देश

छिन्दवाड़ा

भाजपा सरकार की अनीतियों के खिलाफ कांग्रेस जल्द ही जिला से लेकर ब्लॉक मुख्यालयों तक जंगी प्रदर्शन करेगी। आम जनता की समस्याओं के निराकरण के लिए डटकर संघर्ष कर रही कांग्रेस ने हर वर्ग की समस्याओं पर सरकार को घेरने के लिए हुंकार भर दी है। राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक में महत्वपूर्ण विषयों पर रणनीति तैयार की गई। शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, बढ़ते हुए अपराध और भ्रष्टाचार के साथ ही आदिवासी भाइयों पर जारी अत्याचार के खिलाफ कांग्रेस सड़क पर संग्राम करने के लिए तैयारी कर चुकी है।

जिला कांग्रेस कमेटी छिन्दवाड़ा के समस्त प्रभारीगण, पर्यवेक्षकगण, ब्लॉक अध्यक्षगण व उप ब्लॉक अध्यक्षगण की आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुए छिन्दवाड़ा प्रभारी सुनील जायसवाल ने कहा कि इस बैठक का उद्देश्य बूथ को सर्वाधिक मजबूत करने के साथ ही ब्लॉक व मंडलम स्तर पर सक्रियता बढ़ाना और कार्यों की समीक्षा करना है, जहां आवश्यक होगा वहां सुधार के सुझाव दिए जाएंगे, जहां स्थिति अच्छी होगी वहां और अधिक अच्छी करने का प्रयास करें।

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने कहा जिले में विकास का पहिया पूरी तरह से थम चुका है। कोई नई योजना और परियोजनाएं नहीं आ रही है साथ ही स्वीकृत कार्य भी पूरे नहीं हो पा रहे। भ्रष्टाचार से जनता परेशान है।

पांढुर्ना जिला प्रभारी गंगाप्रसाद तिवारी ने संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक गति देने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि अब तैयारी कल ही चुनाव है यह मानकर करनी होगी। संगठन महासचिव गुरूचरण खरे ने समस्त प्रभारीगण, पर्यवेक्षकगण, ब्लॉक अध्यक्षगण एवं उप ब्लॉक अध्यक्षगण  कार्यों की समीक्षा के आवश्यक बिन्दुओं से अवगत कराया।  आयोजित बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी छिन्दवाड़ा के समस्त प्रभारीगण, पर्यवेक्षकगण, ब्लॉक अध्यक्षगण व उप ब्लॉक अध्यक्षगण उपस्थित रहे।
Share News On