Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने पुलिस कार्यप्रणाली पर उठाए गम्भीर सवाल

कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने पुलिस कार्यप्रणाली पर उठाए गम्भीर सवाल
छिंदवाड़ा
23-Feb-26
पन्द्रह दिवस के भीतर जांच और दोषी पुलिस अफसरों पर कार्रवाई की मांग

छिन्दवाड़ा

कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने जिला कलेक्टर से भेंट कर ज्ञापन सौंपा और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हुए दोषी पुलिस अफसरों पर कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि पंद्रह दिवस के भीतर जांच कर दोषी पुलिस अफसरों पर दंडात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो जिला कांग्रेस उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी, जिसकी सम्पूर्ण जवाबदेही जिला व पुलिस प्रशासन की होगी। क्योंकि पुलिस ने अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन ना करते हुए भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में काम किया है, जो कि बेहद निंदनीय व निम्न स्तरीय कार्यप्रणाली को दर्शाती है।

कांग्रेस ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि जिला प्रशासन ने 21 फरवरी शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे से यह जानकारी साझा की थी कि भाजपा एक रैली के रूप में कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने वाले मार्ग से होते हुए ईएलसी चौक पहुंचेंगी और पुतला दहन करेगी। पुलिस प्रशासन को भी यह अवगत कराया कि भाजपा की रैली को किसी भी स्थिति व परिस्थित में कांग्रेस कार्यालय के समक्ष नहीं आने दिया जाएगा, क्योंकि उन्हें यहां आने की अनुमति नहीं दी गई है। प्रशासन रैली को रोकने के लिए पांच स्थानों पर कड़ी सुरक्षा व बैरिकेट्स लगाए थे, इस बात की पुष्टि स्वयं जिला प्रशासन के द्वारा की गई। किन्तु जब भाजपा की रैली जेल तिराहा होते हुए कांग्रेस कार्यालय पहुंची तब सच्चाई सामने आई कि पुलिस ने बैरिकेट्स सिर्फ दिखावे के लिए लगाए थे। पुलिस ने रैली को पूरी सुरक्षा देते हुए कांग्रेस कार्यालय के सामने लेकर पहुंची और पुतला भी जलवाया और विरोध करने वाले कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं पर लाठियां भी बरसाई जिसमें कांग्रेस के अनेकों कार्यकर्ता घायल हुए हैं।

कांग्रेस ने खड़े किए सवाल?

कांग्रेस ने प्रस्तुत ज्ञापन में प्रश्न उठाया कि रैली का निर्धारित मार्ग परिवर्तित कैसे हुआ? अगर बैरिकेट्स तोड़कर भाजपा के लोग कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़े तो पुलिस ने उन पर बल प्रयोग कर क्यों नहीं किया? पुलिस व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाले भाजपाई गुंडों पर पुलिस ने क्या कार्रवाई की और इन सब के लिए कौन उत्तरदायी है यह सुनिश्चित करें। भाजपा के लोगों ने कानून का उल्लंघन करते हुए कांग्रेस कार्यालय के सामने पुतला दहन और पुलिस के द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज का आदेश बिना किसी उचित कारण के किसके द्वारा दिया गया, इसकी जांच होनी चाहिए। प्रशासन ने कांग्रेस कार्यालय के समक्ष फायर बिग्रेड खड़ी की थी, कि भाजपा के लोग पुतला दहन करें तो वाटर केनन का उपयोग किया जा सके। सुनियोजित ढंग से वाटर केनन का उपयोग नहीं किया गया, ऐसा क्यों यह भी सबसे बड़ा प्रश्न है इसकी भी उचित जांच अवश्य होनी चाहिए। कांग्रेस ने प्रस्तुत ज्ञापन के साथ 21 घायल कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के नामों की सूची भी सौंपी है।

कांग्रेस ने जिला कलेक्टर से आग्रह किया कि उपरोक्त समस्त बिन्दुओं पर जांच कर जिम्मेदार पुलिस अफसर व प्रशासनिक अधिकारी के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाए। ताकि भविष्य में इस तरह की साजिश ना रची जाए। यदि 15 दिवस के भीतर प्रशासन द्वारा इस सम्बंध में उचित कार्रवाई कर सम्बंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती है तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी और इसका पूरा दायित्व प्रशासन पर होगा। ज्ञापन जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे, पांढुर्ना जिला प्रभारी गंगाप्रसाद तिवारी, जामई विधायक सुनील उइके, पांढुर्ना विधायक निलेश उइके, निगम अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मागो व शहर कांग्रेस अध्यक्ष पप्पू यादव ने सौंपा।
Share News On

"सफलता" की पोशाक कभी तैयार नहीं मिलती, इसे बनाने के लिए"मेहनत" का हुनर चाहिये।