Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

नगरीय और पंचायत चुनाव को लेकर कांग्रेस ने शुरू की कसावट

नगरीय और पंचायत चुनाव को लेकर कांग्रेस ने शुरू की कसावट
राजनीति
18-May-26

राजीव भवन कांग्रेस कार्यालय में सम्पन्न हुई समन्वय समिति की बैठक

छिन्दवाड़ा

सोमवार को कांग्रेस कार्यालय में समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आने वाले नगरीय और पंचायत चुनाव को लेकर संगठन में समन्वय और कसावट रहा। बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों ने मार्गदर्शन किया तो वहीं उपस्थित पदाधिकारियों ने विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव भी दिए जिस पर सभी ने सहमति जताते हुए भविष्य में उन पर अमल करने हेतु आश्वस्त किया।

आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने कहा कि संगठन में सक्रियता और भागीदारी सभी की होनी चाहिए। हम सभी का उद्देश्य एक ही है कि संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक मजबूत किया जाए। जब उद्देश्य एक है तो उसके लिए सभी की भागीदारी भी एक साथ होनी चाहिए। हम बूथ स्तर पर और अधिक मजबूत होंगे तो नागरिकों तक सच्चाई को अच्छी तरह से पहुंचा पाएंगे। हम बता पाएंगे कि किस तरह अपनी नाकामी का ठीकरा कभी कांग्रेस पर तो कभी जनता पर फोड़ा जा रहा है। उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों पर जोर देते हुए कहा कि आगामी माह में प्रत्येक विधानसभा में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे इसको लेकर तैयारियां अभी से प्रारंभ की जाए साथ ही उसकी पूरी जानकारी समय पर जिला कांग्रेस कार्यालय को पहुंचाएं।

उन्होंने आगे कहा कि कमलनाथ एवं नकुलनाथ सतत रूप से आगामी नगरीय निकाय एवं पंचायत चुनाव को लेकर जानकारी ले रहे हैं। विगत दौरे में श्री नाथ ने भी नगरीय निकाय चुनाव एवं पंचायत चुनाव की तैयारियों पर जोर देते हुए कहा था कि अभी से तैयारियां प्रारंभ कर दें यह ना सोचें कि अभी तो बहुत समय है। उन्होंने प्रशासनिक स्तर पर तैयार की जा रही मतदाता सूची को लेकर भी अवगत कराते हुए उस पर ध्यान देने की बात कही। बीएलए, बूथ संयोजक एवं पोलिंग बूथ की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की गई। बूथकमेटियों व ग्राम पंचायत कमेटियों के गठन पर चर्चा की गई। आयोजित बैठक को गंगाप्रसाद तिवारी सहित अन्य वक्ताओं ने भी सम्बोधित किया। आयोजित बैठक में समस्त विधायकगण, समस्त प्रभारीगण, समस्त पर्यावेक्षकगण, समस्त ब्लॉक अध्यक्षगण, उप ब्लॉक अध्यक्षगण एवं शहर अध्यक्षगण उपस्थित रहे।
Share News On