Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

मंगलवार से आदिवासियों को उनके ही गांवों दी जाएगी सुविधाएं

मंगलवार से आदिवासियों को उनके ही गांवों दी जाएगी सुविधाएं
छिंदवाड़ा
18-May-26

617 गांवों में 25 मई तक चलेंगे सैचुरेशन शिविर

छिन्दवाडा

जिले के आदिवासियों को सरकारी योजनाओं में पंजीयन से लेकर उनका लाभ लेने के लिए अब परेशान होने की आवश्यकता नहीं है क्योंकि केंद्र सरकार धरती आबा अभियान के अंतर्गत आदिवासियों के गांव पहुंचकर वहीं लाभ देने का प्रयास कर रही है। जिले के सभी 617 आदिवासी और पी. वी.टी.जी ग्रामों में मंगलवार को पौधारोपण के साथ सबसे दूर, सबसे पहले की थीम पर जनभागीदारी अभियान का शुभारम्भ किया जाएगा। यह आयोजन इन सभी ग्रामों में बनाए गए आदि सेवा केंद्रों में 25 मई तक संचालित किया जाएगा। 19 मई को पौधारोपण के साथ ही इन सभी केंद्रों पर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

इस अभियान के जिले में सफल संचालन के लिए कलेक्टर हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में ओरियंटेशन बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें सभी विभागों को दायित्वों से अवगत कराते हुए, इस अभियान का पूरी गंभीरता से संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला प्रशासन, जनजातीय कार्य विभाग और सभी संबंधित विभागों के जिला अधिकारी, सभी एसडीएम और सीईओ जनपद पंचायत उपस्थित थे।

अभियान का उद्देश्य 

इस अभियान का उद्देश्य दूरस्थ एवं विशेष पिछड़ी जनजातीय समुदायों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना एवं पात्र हितग्राहियों का शत-प्रतिशत संतृप्तिकरण सुनिश्चित करना है। अभियान के दौरान प्रतिदिन प्रत्येक 617 ग्राम स्तर पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा ग्राम भ्रमण कर हितग्राहियों से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

शेष हितग्राहियों को किया जाएगा लाभान्वित 

इस अवधि में ग्रामों में सैचुरेशन कैंप आयोजित किए जाएंगे, जिनमें पात्र व्यक्तियों को आधार पंजीयन, बैंकिंग सेवाएं, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य शासकीय योजनाओं से जोड़ने के लिये पात्रता परीक्षण, आवेदन एवं मौके पर निराकरण की कार्रवाई की जाएगी। अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियां भी संचालित होंगी। इनमें सामान्य स्वास्थ्य जांच, सिकल सेल एनीमिया जागरूकता, पोषण परामर्श तथा निवारक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान की जाएगी।

ग्राम स्तरीय गतिविधियों में ग्राम भ्रमण एवं स्थानीय समस्याओं का अवलोकन, ग्रामीणों के साथ बैठक एवं योजनाओं का प्रचार-प्रसार, पात्र हितग्राहियों की पहचान, स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम, जन सुनवाई तथा शिकायतों के निराकरण के लिये विभागीय कार्रवाई शामिल रहेगी। साथ ही अभियान की गतिविधियों का फोटो, वीडियो एवं प्रलेखन भी सुनिश्चित किया जाएगा।

कलेक्टर श्री नारायन ने इस अभियान में ग्राम पंचायतों, स्व-सहायता समूहों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं समुदाय की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, जिससे शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। जिला प्रशासन ने इन ग्रामों के सभी ग्रामीणों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों में आयोजित शिविरों एवं गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता कर शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त करें।

Share News On