Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

बीएमओ और एएनएम की लापरवाही पर कलेक्टर हुए सख्त

बीएमओ और एएनएम की लापरवाही पर कलेक्टर हुए सख्त
छिंदवाड़ा
21-Jul-25
डीपीसी का भी वेतन रोका

छिंदवाड़ा

कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक में समय सीमा के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों से उन्होंने पूछताछ की और लापरवाही आने पर सख्त कार्रवाई भी की। बैठक में जहां छिंदी क्षेत्र के बीएमओ और एएनएम का वेतन रोकने का निर्देश दिया तो वहीं डीपीसी का कड़ी फटकार लगाते हुए उनका भी वेतन रोकने कहा।


जिला योजना समिति की बैठक में यह मामला भी सामने आया कि छिंदी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में गेट बंद होने के कारण एक गर्भवती महिला को अस्पताल के बाहर ही बच्चे को जन्म देना पड़ा। कलेक्टर श्री सिंह ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित बीएमओ का एक सप्ताह का वेतन रोकने और एएनएम की एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे यह सुनिश्चित करें कि बीएमओ एवं एएनएम निर्धारित समय पर अपने स्वास्थ्य केंद्रों पर उपस्थित रहें। स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। 

कक्षा 6वीं में 100 प्रतिशत प्रवेश नहीं होने पर डीपीसी का वेतन रोका

श्री सिंह ने पूर्व की समीक्षा बैठक में डीपीसी को निर्देशित किया था कि कक्षा 6वीं में 100ः नामांकन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में डीपीसी द्वारा बताया गया कि अब तक 90ः ही प्रवेश हो सके हैं, जिस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर श्री सिेह ने उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक पूर्ण नामांकन नहीं होता, तब तक वेतन नहीं दिया जाएगा।

जगह-जगह खड़ी बसों पर जताई नाराजगी

कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में यह बात स्पष्ट की कि जिले में कई स्थानों पर अब भी निजी बसें अव्यवस्थित ढंग से खड़ी की जा रही हैं, जिससे यातायात बाधित हो रहा है। उन्होंने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को निर्देश दिए कि ऐसी स्थिति में नियमित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और संबंधित बस मालिकों के विरुद्ध नियम अनुसार कार्यवाही हो।

गोद लिए गए स्कूलों का निरीक्षण अनिवार्य

कलेक्टर ने अधिकारियों को उनके द्वारा गोद लिए गए  स्कूलों का अनिवार्य रूप से निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि इन स्कूलों में मूलभूत सुविधाएं, स्वच्छता और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हो।

उन्होंने बैठक में सीएम हेल्पलाइन, सीएम कार्यालय, सीएम हाउस, विभिन्न आयोगों, वरिष्ठ कार्यालयों एवं न्यायालयों से जुड़े लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की। साथ ही विभिन्न समसामयिक एवं अंतर्विभागीय मुद्दों पर भी चर्चा की और महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। समय सीमा की बैठक में सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार, प्रभारी एडीएम श्रीमती अंकिता त्रिपाठी, डिप्टी कलेक्टर राहुल कुमार पटेल, उप संचालक सामाजिक न्याय पी. राजौदिया, आयुक्त नगर निगम सी. पी.राय सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में अन्य एसडीएम, तहसीलदार सहित सभी खंड स्तरीय अधिकारी वीसी से जुड़े थे।
Share News On