कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह की सक्रियता ने जिला अस्पताल को दिलाई उपलब्धि
छिंदवाड़ा
17-Jun-25
राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक में मिला मुस्कान क्वालिफाईड प्रमाण पत्र
छिंदवाड़ा
कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह की दूरदर्शिता और प्रशासनिक कार्यप्रणाली ने छिंदवाड़ा को एक और उपलब्धि दिलाई। जिला अस्पताल छिन्दवाड़ा को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एन.क्यू.ए.एस.) के अंतर्गत 88.61 प्रतिशत अंक प्राप्त करते हुए एन.क्यू.ए.एस. एवं मुस्कान क्वालिफाईड सर्टिफिकेट प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि के लिए आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में सिविल सर्जन डॉ. नरेश गोन्नाडे द्वारा कलेक्टर श्री शीलेंद्र सिंह को पुष्प गुच्छ देकर आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने कहा कि कलेक्टर श्री सिंह के सतत निर्देशन एवं निगरानी के कारण ही यह उल्लेखनीय सफलता संभव हो सकी है।
कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह द्वारा जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाए रखने हेतु नियमित समीक्षा एवं सतत मॉनिटरिंग की प्रक्रिया सुनिश्चित की गई थी। इस उद्देश्य से उन्होंने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित की, जिनमें संयुक्त कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर श्री राहुल पटेल एवं श्री रमेश कुमार मेहरा जैसे अनुभवी अधिकारियों को शामिल किया गया। इन अधिकारियों ने समय-समय पर अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित किए तथा विभिन्न विभागों की गुणवत्ता को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सिविल सर्जन डॉ. गोन्नाडे ने अस्पताल प्रबंधन में उनके योगदान के लिए सभी अधिकारियों को भी पुष्प गुच्छ देकर विशेष आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि 10 से 12 मार्च 2025 के बीच एन.क्यू.ए.एस. एवं मुस्कान कार्यक्रम के अंतर्गत जिला चिकित्सालय में गहन मूल्यांकन किया गया, जिसमें फॉर्मेसी, ओ.पी.डी., आईसीयू, ब्लडबैंक, जनरल एडमिन, रेडियोलॉजी, आपातकालीन, ऑक्सीलियरी सर्विसेस, आईपीडी, ओ.टी., लैबोरेटरी सहित 15 विभागों की गुणवत्ता का परीक्षण किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एन.के. शास्त्री, आर.एम.ओ. डॉ. हर्षवर्धन कुड़ापे, मुस्कान क्वालिटी नोडल डॉ. अंशु लांबा सहित चिकित्सकों, विशेषज्ञों एवं स्टाफ की टीम वर्क से यह सफलता हासिल हुई। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केन्द्र, भारत सरकार द्वारा प्रमाणपत्र प्रदान किया गया है।