Home News Helpline Classified Jobs About Contact

आदिवासी संगठनों के साथ कलेक्टर ने की बैठक

आदिवासी संगठनों के साथ कलेक्टर ने की बैठक
छिंदवाड़ा
30-Jul-26
विश्व आदिवासी दिवस को लेकर किया विचार-विमर्श

छिन्दवाडा 

जिले में 09 अगस्त 2026 को विभिन्न आदिवासी संगठनों द्वारा आयोजित विश्व आदिवासी दिवस समारोह शांति एवं सद्भावनापूर्वक मनाये जाने की दृष्टि से विचार - विमर्श के लिए कलेक्टर हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय की उपस्थिति में विभिन्न आदिवासी संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक आज कलेक्टर कार्यालय छिंदवाड़ा के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम छिंदवाड़ा के महापौर विक्रम अहके, अपर कलेक्टर धीरेन्द्र सिंह, एएसपी  आशीष खरे, एसडीएम छिंदवाड़ा  सुधीर जैन, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती अंकिता त्रिपाठी सहित नगर निगम व जनजातीय कार्य विभाग के अधिकारी, विभिन्न आदिवासी संगठनों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि और डीजे संचालक उपस्थित थे।

बैठक में आदिवासी संगठनों द्वारा विश्व आदिवासी दिवस पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों, रैली मार्ग, डीजे की संख्या, मंचीय कार्यक्रम, सम्मान समारोह आदि की जानकारी दी गई। कलेक्टर श्री नारायन ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस समृद्ध जनजातीय संस्कृति, परंपराओं एवं विरासत का उत्सव है। इस अवसर पर आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रम शांति, सौहार्द्र और आपसी भाईचारे के वातावरण में संपन्न हों, इसके लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इसमें आप सभी का सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने सभी संगठनों से प्रशासन एवं पुलिस के साथ समन्वय बनाकर कार्यक्रम को गरिमापूर्ण एवं सफल बनाने का आग्रह किया।

पुलिस अधीक्षक श्री पाण्डेय ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सहित कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक जानकारी देते हुए सभी से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि डीजे का संचालन नियमों के दायरे में किया जाए। सभी कार्यक्रम अनुमत्य स्थलों पर ही किए जाएं। साथ ही उन्होंने समारोह में शामिल होने वाली महिलाओं की सुरक्षा के लिए आदिवासी संगठनों द्वारा अपने वॉलंटियर्स नियुक्त करने के निर्णय की भी सराहना की।

बैठक के दौरान विभिन्न आदिवासी संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे। आदिवासी समाज के श्री महेश कुमार सराठी एवं अन्य प्रतिनिधियों ने समाज के सभी बंधुओं एवं युवाओं से अपील की है कि विश्व आदिवासी दिवस के आयोजन में शामिल होने टू व्हीलर से जाएं, तो हेलमेट जरूर लगाएं। साथ ही उस दिन मदिरा का सेवन ना करने की विशेष रूप से अपील की है। प्रशासन द्वारा सभी सुझावों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया गया। साथ ही आयोजन के दौरान सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

      बैठक के अंत में सभी आदिवासी संगठनों के प्रतिनिधियों ने विश्व आदिवासी दिवस समारोह को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराने में पुलिस - प्रशासन को पूर्ण सहयोग का विश्वास दिलाया। प्रशासन ने जिलेवासियों से भी अपील की है कि वे आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता की भावना के साथ इस आयोजन को सफल बनाने में सहभागी बनें।

Share News On