Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

नीट परीक्षा को लेकर कलेक्टर ने किए सवाल-जवाब

नीट परीक्षा को लेकर कलेक्टर ने किए सवाल-जवाब
छिंदवाड़ा
15-Jun-26
पुनः परीक्षा को लेकर जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक

छिन्दवाडा

नीट (यूजी)-2026 परीक्षा की 21 जून को जिले के 08 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली पुनः परीक्षा के संबंध में आज एफडीडीआई छिंदवाड़ा में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने की।

बैठक में कलेक्टर श्री नारायन ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि नीट परीक्षा का सफल आयोजन अत्यंत संवेदनशील विषय है, इसलिए प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को गंभीरता एवं सजगता के साथ त्रुटिरहित कार्य सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से वीक्षण कार्य में लगे शिक्षकों को निर्देश देते हुए कहा कि राष्ट्रीय महत्व की इस परीक्षा में एक भी त्रुटि स्वीकार्य नहीं होगी।

पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पिछली परीक्षा की तरह इस बार भी चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सतर्कता के साथ कार्य करने तथा प्रत्येक संदिग्ध गतिविधि पर सावधानीपूर्वक नजर रखने के निर्देश दिए।

नीट परीक्षा के संयोजक हरि प्रसाद धारकर ने परीक्षा से संबंधित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने परीक्षा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी देते हुए बताया कि जिला प्रशासन, पुलिस एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा त्रुटिरहित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी तथा प्रत्येक परीक्षा केंद्र कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के अंतर्गत संचालित होगा।

बैठक में पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, अतिरिक्त कलेक्टर धीरेंद्र सिंह, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती अंकिता त्रिपाठी, नगर निगम कमिश्नर सी.पी. राय, नगर पुलिस अधीक्षक अजय राणा एवं नीट के संयोजक हरि प्रसाद धारकर सहित जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं बिजली विभाग के अधिकारी उपस्थित थे। इसके अलावा सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्र अध्यक्ष, उपकेंद्र अध्यक्ष, पर्यवेक्षक एवं वीक्षक भी बैठक में शामिल हुए। बैठक के अंत में नीट परीक्षा संयोजक श्री धारकर ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
Share News On