नगर निगम चुनाव की तैयारियों में जुटी शहर कांग्रेस कमेटी
राजनीति
03-Jun-26
मतदाता सूची में नाम जोड़ने व काटे जाने वाले नामों पर कांग्रेस रखेगी नजर
छिन्दवाड़ा
कांग्रेस आगामी चुनावों को लेकर पूरी तरह से सक्रिय हो चुकी है। पदाधिकारी रणनीति के साथ ही योजनाबद्ध तरीके से तैयारियों में जुट चुकी है। इसी क्रम में बुधवार को राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में शहर कांग्रेस कमेटी के अंतर्गत आने वाले पांच उप ब्लॉक के अध्यक्षों की बैठक सम्पन्न हुई। आयोजित बैठक में नगरीय निकाय चुनाव के लिए तैयार की जा रही मतदाता सूची पर गम्भीरता से नजर रखने के निर्देश दिए गए।
आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने शहर कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी पर चर्चा करते हुए प्रत्येक उप ब्लॉक अध्यक्ष को अपने क्षेत्र में सक्रिय होने के साथ ही बूथ को मजबूत करने के निर्देश दिए। आगामी ननि चुनाव की तैयारियों में महत्वपूर्ण मतदाता सूची भी है जिसका अवलोकन करना और मतदाता सूची में जुड़ने वाले नाम व काटे जाने वाले नामों पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। छिन्दवाड़ा विधानसभा प्रभारी गोविंद राय ने उपस्थित पदाधिकारियों को अपने पद की जिम्मेदारी सझते हुए कार्य करने की बात कही। उन्होंने कहा कि सभी उप ब्लॉकों में सतत रूप से बैठकें आयोजित होनी चाहिए साथ ही मासिक बैठक में कार्ययोजना तय की जाए और फिर उसे अमल में लाया जाए।
मतदाता सूची के प्रभारी राजकुमार मिश्रा ने नगर निगम चुनाव को लेकर तैयार की जा रही मतदाता सूची के सम्बंध में आवश्यक जानकारियां दी। उन्होंने नाम जोड़ने व काटने की प्रक्रिया से अवगत कराया साथ ही प्रत्येक वार्ड में नए मतदाताओं के नाम जुड़वाने में सक्रिय भूमिका निभाने हेतु उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों से आग्रह किया। शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मागो ने आगामी कार्य योजना के साथ ही नगर पालिक निगम छिन्दवाड़ा के चुनाव हेतु तैयार की गई रणनीति से उपस्थित वरिष्ठ कांग्रेस जनप्रतिनिधियों व पदाधिकारियों को अवगत कराया। आयोजित बैठक में संगठन महासचिव गुरूचरण खरे सहित पांच उप ब्लॉक के प्रभारी, अध्यक्ष, समन्वयक व कार्यकारी अध्यक्षगण उपस्थित रहे।