शहर कांग्रेस और कांग्रेस सेवादल ने मनाई महाराणा प्रताप की जयंती
राजनीति
17-Jun-26
वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक महाराणा प्रताप को किया नमन
छिन्दवाड़ा
शहर कांग्रेस कमेटी ने राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती मनाई। छायाचित्र पर माल्यार्पण कर नमन करते हुए उनके व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डाला। वहीं जिला कांग्रेस सेवादल ने महाराणा प्रताप चौक पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया।
कांग्रेस सेवादल के कार्यक्रम में कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी जिला अध्यक्ष सुरेश कपाले ने कहा कि महाराणा प्रताप वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक थे। उनका जन्म राजस्थान के कुंभलगढ़ दुर्ग में हुआ था। उन्होंने मातृभूमि और मेवाड़ की आन-बान-शान की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन संघर्ष में समर्पित कर दिया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मागो ने कहा कि महाराणा प्रताप मेवाड़ के ऐसे महान योद्धा थे, जिनका नाम इतिहास में अदम्य साहस, स्वाभिमान और दृढ़ संकल्प के लिए सदैव अमर रहेगा। उन्होंने मुगल सम्राट अकबर के सामने कभी घुटने नहीं टेके और मातृभूमि की रक्षा के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन देशभक्ति, त्याग और संघर्ष की अद्वितीय मिसाल है, जो आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। कार्यक्रम में शहर कांग्रेस और कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।