बच्चों ने जन्माष्टमी पर सोशल मीडिया के संतुलित प्रयोग का दिया संदेश
छिंदवाड़ा
04-Sep-26
छिंदवाड़ा

श्री पूज्य सिंधी पंचायत के तत्वावधान में सिंधु भवन में भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य उत्सव पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। पूरा आयोजन हर्षाेल्लास और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नन्हे बाल गोपालों ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की आकर्षक वेशभूषा और शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित समाज जनों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान लगाए गए स्वादिष्ट व्यंजनों के फूड स्टॉल भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
श्री पूज्य सिंधी पंचायत के अध्यक्ष डॉ हरजानी ने बताया कि श्री कृष्ण जी के संदेश नाटक के माध्यम से प्रस्तुत किए जिसमें सोशल मीडिया के संतुलित प्रयोग तथा नशे की आदत से बचने का संदेश दिया गया। समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में परिवार सहित उपस्थित होकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया और भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की खुशियां धूमधाम से मनाईं। आयोजन ने समाज में धार्मिक आस्था, आपसी सद्भाव और एकता का संदेश दिया। भगवान श्री कृष्ण के भजनों और भक्ति भाव से मनाए गए इस आयोजन में सिंधु महिला समिति एवं सिंधी युवा समिति, छिंदवाड़ा के पदाधिकारियों और सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। महिला समिति की अध्यक्ष मानसी परसवानी ने सभी का आभार प्रकट किया।