Home News Helpline Classified Jobs About Contact

देशभक्ति के रंग में रंगेगा छिंदवाड़ा, 11 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा

देशभक्ति के रंग में रंगेगा छिंदवाड़ा, 11 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा
राजनीति
10-Aug-26
दशहरा मैदान से अमित ठेंगे चौक तक निकलेगी यात्रा

समाज के हर वर्ग की होगी सहभागिता

छिंदवाड़ा

देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के अंतर्गत जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के तहत 11 अगस्त को जिला स्तरीय भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। तिरंगा यात्रा के जिला संयोजक अजय सक्सेना ने बताया कि 11 अगस्त को दोपहर 3 बजे दशहरा मैदान से तिरंगा यात्रा प्रारंभ होकर अमित ठेंगे चौक पहुंचेगी। यात्रा में बड़ी संख्या में नागरिक शामिल होकर देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश देंगे।

श्री सक्सेना ने कहा कि तिरंगा यात्रा को सर्वसमाज एवं सर्ववर्ग की सहभागिता वाला राष्ट्रभक्ति का आयोजन बनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देश की एकता-अखंडता के संकल्प से जोड़ना है। उन्होंने सभी संगठनों, संस्थाओं, समाजजनों, युवाओं एवं छात्र-छात्राओं से अधिक से अधिक संख्या में तिरंगा यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया।

तिरंगा यात्रा के सह संयोजक धर्मेंद्र मिगलानी ने बताया कि इस तिरंगा यात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, सांसद विवेक बंटी साहू, महापौर विक्रम अहके, विधायक कमलेश शाह सहित सभी जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसके साथ ही विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, व्यापारी संगठनों, युवा संगठनों, महिला संगठनों, किसान संगठनों, सेवा एवं स्वयंसेवी संस्थाओं, सांस्कृतिक संगठनों, खेल संगठनों, कर्मचारी संगठनों, अधिवक्ता संगठनों, चिकित्सक संगठनों, शिक्षण संस्थानों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं, विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों की भी सहभागिता रहेगी।

कार्यक्रम सहसंयोजक अभिषेक वर्मा ने बताया कि अभियान के अगले चरण में 12 अगस्त को विधानसभा स्तर पर तिरंगा यात्राओं का आयोजन संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में किया जाएगा। इन यात्राओं के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं जिलेवासियों से ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ में उत्साहपूर्वक सहभागी बनने का आह्वान करते हुए कहा कि तिरंगा देश के गौरव, स्वाभिमान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। आनंद निन्ना शुक्ला शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करेगी।
Share News On