रोहना में गूंजे 'गणपति बाप्पा मोरया' के जयकारे
छिंदवाड़ा
08-Sep-26
पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना के निवास पर सिद्धेश्वर छिंदवाड़ा के महाराज का दिव्य वस्त्र पूजन संपन्न
छिंदवाड़ा
प्रथम पूज्य श्री गणेश जी के आगामी जन्मोत्सव को लेकर समूचे अंचल में गणेशोत्सव की भव्य तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इसी कड़ी में आज 8 सितंबर, मंगलवार को राजाधिराज दक्षिण मुखी सिद्धेश्वर भगवान श्री गणेश छिंदवाड़ा के महाराज की दिव्य प्रतिमा के वस्त्र पूजन का पावन एवं भव्य कार्यक्रम पूर्व कैबिनेट मंत्री दीपक सक्सेना एवं युवा नेता अजय सक्सेना के रोहना स्थित निवास स्थान पर अत्यंत श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
मंत्रोच्चार और शंखनाद से गुंजायमान हुआ प्रांगण
रोहना स्थित निवास पर आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में वैदिक पंडितों द्वारा पूर्ण विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ भगवान श्री गणेश के दिव्य वस्त्रों का पूजन कराया गया। पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना और अजय सक्सेना ने परिवारजनों एवं समिति के सदस्यों के साथ प्रथम पूज्य श्री गणेश जी की आरती उतारकर क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। पूजन के दौरान भक्तिमय वातावरण में गूंजते 'जय गणेश' और 'गणपति बाप्पा मोरया' के जयकारों से पूरा क्षेत्र धर्ममय हो उठा।
आस्था का केंद्र हैं छिंदवाड़ा के महाराज
दक्षिण मुखी सिद्धेश्वर भगवान श्री गणेश 'छिंदवाड़ा के महाराज' के रूप में समूचे जिले में विशेष आस्था का केंद्र हैं। हर वर्ष गणेशोत्सव के दौरान उनके वस्त्र पूजन से धार्मिक कार्यक्रमों की औपचारिक शुरुआत मानी जाती है। वस्त्र पूजन के इस खास अवसर पर स्थानीय नागरिकों, धर्मप्रेमी जनता और बड़ी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी रही, जिन्होंने भगवान श्री गणेश का आशीर्वाद प्राप्त कर पुण्य लाभ अर्जित किया।