Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

प्रशासन के एकतरफा निर्णय से बस ऑपरेटर नाराज, 10 जुलाई से थम सकते हैं बसों के पहिए

प्रशासन के एकतरफा निर्णय से बस ऑपरेटर नाराज, 10 जुलाई से थम सकते हैं बसों के पहिए
छिंदवाड़ा
09-Jul-25

छिंदवाड़ा 

सड़क सुरक्षा समिति द्वारा शहर में जगह-जगह अव्यवस्थित स्टॉपेज को खत्म करने का निर्णय प्रशासन के लिए गले की फांस बन सकता है। इस निर्णय से नाराज बस ऑपरेटरों ने प्रशासन से मांग की है कि एकतरफा निर्णय को बदला जाए और उन्हें कुछ सहूलियत दी जाए जिससे यात्रियों को भी फायदा होगा नहीं तो 10 जुलाई से कोई  भी बस किसी भी स्थान पर नहीं जाएगी।



यदि आप कहीं भी बस से यात्रा करने की सोच  रहे हैं तो एक बार बस जाएगी या नहीं इसकी जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें क्योंकि छिंदवाड़ा बस एसोसिएशन के मालिकों ने 10 जुलाई को बस नहीं चलाने का निर्णय लिया है। बताया जा रहा है कि विगत माह सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई थी जिसमें आम नागरिकों के लिए परेशानी का सबब बने शहर के अंदर जगह-जगह बस स्टॉपेज को बंद करने का निर्णय लिया गया था। जिसका अब सख्ती से पालन किए जाना था लेकिन इसके पहले की प्रशासन इस  मामले में सख्ती करता बस ऑपरेटरों ने इस निर्णय को मानने से इंकार करते हुए अपनी बसों को गैराज में खड़ा करने का निर्णय लिया है। एसोसिएशन कार्यालय में हुई बैठक में बस ऑपरेटरों ने 10 जुलाई से बसों का संचालन नहीं करने का निर्णय लिया है। एसोसिएशन के सेवक यादव, राजेश मिगलानी, अजीत पटेल, अमरीश शुक्ला, विमल शर्मा का कहना है कि कम से एक स्टॉपेज तय किया जाए ताकि यात्रियों को सुविधा मिल सके।

प्रशासन निकाले समस्या का हल

आमतौर पर जगह-जगह बसों के स्टॉपेज से शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने में यातायात प्रबंधन को परेशानी होती है। इसके अलावा आम नागरिकों को भी आए दिन कई बार भारी समस्या का सामना करना पड़ता है। लेकिन बस ऑपरेटर यह सुविधा भी आम नागरिकों के कहने पर ही देते हैं। बढ़ते हुए शहर की मांग है कि बस स्टॉप के बाद कुछ खास स्थानों पर स्टापेज दिए जाएं ताकि आम नागरिकों को उनके क्षेत्र के नजदीक सुविधा मिल सके।
Share News On