जेल में बंद भाईयों के लिए जेल केन्टीन से ही खरीदनी होगी राखी
छिंदवाड़ा
24-Aug-26
सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक रहेगा मिलने का समय

छिन्दवाडा
अधीक्षक जिला जेल छिन्दवाड़ा प्रतीक कुमार जैन ने बताया कि 28 अगस्त शुक्रवार को रक्षाबंधन के अवसर पर जिला जेल छिन्दवाडा में परिरूद्ध बंदियों को प्रातः 8ः30 बजे से 02 बजे तक विशेष मुलाकात प्रदाय की जायेगी। मुलाकात के लिये विभिन्न निर्देश प्रसारित किये गये हैं, जिसके अनुसार विशेष मुलाकात के लिये बंदी भाईयो से मिलने वाली बहिनों एवं बंदी बहिनों से मिलने वाले भाईयों तथा उनके साथ आने वाले 06 वर्ष तक के बच्चों को ही प्रवेश दिया जायेगा, अन्य परिजनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। एक बंदी से अधिकतम 05 व्यक्तियों को मिलने की अनुमति होगी।
केवल 10 मिनट रहेगा मिलने का समय
मुलाकात की अवधि अधिकतम 10 मिनट रहेगी। भीड़ बढ़ने की स्थिति में समय परिवर्तन किया जा सकेगा। मुलाकात पर आने वाली सभी बहिन/भाई अपने साथ स्वयं के आधार कार्ड या अन्य पहचान पत्र की छायाप्रति अनिवार्य रूप से लायें, पहचान पत्र न होने पर मुलाकात करने नहीं दी जायेगी। रक्षाबंधन में लगने वाली सामग्री (राखी, नारियल, रूमाल एवं मिठाई इत्यादि) जेल कैन्टीन पर निर्धारित शुल्क पर उपलब्ध रहेगी, जिसे बहिनें/भाई आवश्यकतानुसार क्रय कर सकेंगी। बाहरी सामग्री को जेल गेट के अंदर नहीं लिया जायेगा।
बीड़ी, तंबाकू, घड़ी, मोबाइल आदि पर रहेगा प्रतिबंध
कोई भी बहिन/भाई बीड़ी, तम्बाकू, गुटखा एवं इलेक्ट्रॉनिक आइटम घड़ी, मोबाइल, हैडफोन इत्यादि लेकर जेल गेट पर प्रवेश नहीं करेंगे। प्रतिबंधित सामग्री पाये जाने पर नियमानुसार विधिक कार्यवाही संपादित की जायेगी। मुलाकात के पूर्व वे अपनी सामग्री सौंपने के लिये अपने साथ किसी परिजन अथवा परिचित व्यक्ति को साथ ला सकते हैं, इसके लिये पृथक से कोई व्यवस्था नहीं की जायेगी ।