लोकनृत्य एवं नुक्कड़ नाटक में प्रथम स्थान प्राप्त कर बढ़ाया गौरव
शिक्षा
24-Nov-26
समूह लोकनृत्य में जय मानस मंडल इकलहरा प्रथम
नुक्कड़ नाटक में केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 ने हासिल किया प्रथम स्थान

छिन्दवाडा अपडेट
मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं युवक कल्याण विभाग के निर्देशानुसार मंगलवार को जबलपुर में संभाग स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन के संरक्षण एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता में छिंदवाड़ा जिले के प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए समूह लोकनृत्य एवं नुक्कड़ नाटक में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया।
युवा उत्सव के अंतर्गत चित्रकला, कविता लेखन, समूह लोकनृत्य, सामूहिक लोकगीत एवं नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताओं का आयोजन ष्नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारतष् थीम पर किया गया। इसमें जबलपुर, सिवनी, मंडला, बालाघाट, कटनी, नरसिंहपुर, पांढुर्णा सहित छिंदवाड़ा जिले के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के दलों ने भाग लिया।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए जिला खेल अधिकारी के.के. चौरसिया ने बताया कि समूह लोकनृत्य प्रतियोगिता में जय मानस मंडल इकलहरा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में विजेता, उपविजेता सहित सभी सहभागी प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा शील्ड, मेडल, ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। दोनों विधाओं में चयनित छिंदवाड़ा जिले के विजेता दल आगामी दिनों में भोपाल में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय युवा उत्सव में जबलपुर संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे।