Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

भाजपा किसान मोर्चा ने उपार्जन केन्द्रों पर किया किसानों का सम्मान

भाजपा किसान मोर्चा ने उपार्जन केन्द्रों पर किया किसानों का सम्मान
कृषि जगत
16-Apr-26
जिलाध्यक्ष, सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि भी पहुंचेंगे किसानों के बीच 

छिंदवाड़ा

भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा द्वारा जिलेभर के उपार्जन केन्द्रों पर किसानों के सम्मान का विशेष अभियान प्रारंभ किया गया। भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष संजय पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि छिंदवाड़ा विकासखंड के ग्राम पखड़िया एवं खैरीभोपाल उपार्जन केन्द्र सहित अमरवाड़ा, चौरई, परासिया एवं जुन्नारदेव के उपार्जन केन्द्रों पर किसान मोर्चा के पदाधिकारियों तथा केन्द्र के प्रभारी-सहप्रभारियों ने पहुंचकर किसानों का फूलमाला पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार ने किसानों के हित में गेहूं खरीदी की प्रक्रिया सुचारू रूप से प्रारंभ की है। किसानों को केंद्र सरकार द्वारा घोषित 2585 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य के साथ राज्य सरकार द्वारा 40 रुपये प्रति क्विंटल बोनस दिया जा रहा है, जिससे किसानों को कुल 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान सुनिश्चित होगा।

संजय पटेल ने बताया कि गेहूं उपार्जन में छोटे एवं सीमांत किसानों को प्राथमिकता दी जा रही है, इसके बाद पंजीकृत सभी किसानों से खरीदी की जाएगी। जिन किसानों का उपार्जन केन्द्रों पर सत्यापन लंबित है, उनकी प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी की जाएगी ताकि किसी भी किसान को असुविधा न हो।

उन्होंने रासायनिक खाद की उपलब्धता को लेकर भी किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि गन्ने के रकबे का पोर्टल अपडेट आगामी एक-दो दिनों में पूर्ण हो जाएगा, जिससे गन्ना उत्पादक किसानों को भी लाभ मिलेगा। वर्तमान में किसानों को ई-विकास पोर्टल के माध्यम से प्रति एकड़ एक बोरी यूरिया उपलब्ध कराई जा रही है तथा एनपीके और डीएपी खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। आने वाले समय में किसानों को खाद की और अधिक उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।

भाजपा किसान मोर्चा ने निर्णय लिया है कि जिले के सभी 74 उपार्जन केन्द्रों पर भाजपा के जिलाध्यक्ष, सांसद, विधायक, महापौर, जनप्रतिनिधि, पूर्व विधायक, जिला प्रभारी, विधानसभा प्रभारी एवं किसान मोर्चा पदाधिकारी पहुंचकर किसानों का सम्मान करेंगे और उनकी समस्याओं को सुनकर निराकरण का प्रयास करेंगे। भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष संजय पटेल ने कहा कि अन्नदाता का सम्मान ही भाजपा का संकल्प है, और पार्टी सदैव किसानों के हितों की रक्षा तथा उनके जीवन को समृद्ध बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
Share News On