लाडो अभियान के तहत तामिया कन्या स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
शिक्षा
27-Nov-26
तामिया (छिंदवाड़ा अपडेट)

बाल विवाह जैसी कुरीति के प्रति समाज की उदासीनता चिंताजनक है। इसे जड़ से समाप्त करने के लिए कानून के प्रावधानों के साथ जन-जागरूकता भी बेहद आवश्यक है। यह बात तामिया विकासखंड के शासकीय एकीकृत कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कही। कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी ब्रजेश शिवहरे के निर्देशन तथा प्राचार्य विशाल दुफारे की उपस्थिति में लाडो अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया।
कानून और सजा के प्रावधानों की दी जानकारी
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को जानकारी दी गई कि बाल विवाह मुक्त भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए देवउठनी ग्यारस (तुलसी विवाह) से 100 दिवसीय सघन बाल विवाह रोको अभियान सभी केंद्रों पर चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के तहत बाल विवाह करना और करवाना दोनों ही कानूनी अपराध हैं। दोषी पाए जाने पर एक वर्ष के कठोर कारावास और दो लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। यदि सामूहिक विवाह सम्मेलनों में बाल विवाह होता है, तो आयोजकों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि यह कानून देश के सभी नागरिकों पर समान रूप से लागू होता है और कोई भी समुदाय इससे बाहर होने का दावा नहीं कर सकता।
शिक्षा और स्वास्थ्य पर जोर, हेल्पलाइन नंबर साझा किए
प्राचार्य विशाल दुफारे ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि कम उम्र में विवाह के दुष्प्रभाव न केवल युवा जीवन पर बल्कि जन्म लेने वाले बच्चों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर डालते हैं। उन्होंने छात्राओं को इस उम्र में अपनी पढ़ाई और सेहत पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि प्रत्येक जिले में बाल विवाह प्रतिषेध के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त हैं, जिन्हें पुलिस के समान गिरफ्तारी तक के अधिकार प्राप्त हैं। बाल विवाह की सूचना टोल-फ्री नंबर 181, 112 या 1098 पर दी जा सकती है और सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित छात्राओं को बाल विवाह रोकने की शपथ दिलाई गई। आयोजन को सफल बनाने में शिक्षक अनिल केचे, ललिता वासनिक, दीक्षा वाघमारे, सुरेखा निरिडकर और मधुलिका सोना का सराहनीय सहयोग रहा।