आशा पर्यवेक्षकों ने सांसद को दिया समस्याओं और मांगों का ज्ञापन
छिंदवाड़ा
30-May-26
छिंदवाड़ा
जिले के दूरस्थ अंचलों से लेकर शहरी क्षेत्रों में कार्य कर रही आशा कार्यकर्ता व पर्यवेक्षक विपरित परिस्थतियों में भी लोगों की सेवा कर रही है। कोविड जैसी महामारी के दौरान भी आशा कार्यकर्ता और पर्यवेक्षकों ने लोगों की सेवा करके एक महत्वपूर्ण कार्य किया था। उक्त आशय के उद्गार सांसद बंटी विवेक साहू ने पूजा लॉज छिंदवाड़ा में आयोजित मध्यप्रदेश आशा पर्यवेक्षक संगठन के कार्यक्रम को संबोधित करते हुये कही।
इस दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव बहनों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रहे है, जिससे हमारी बहनों को संबल मिल रहा है। इस दौरान मध्यप्रदेश आशा पर्यवेक्षक संगठन की पदाधिकारियों ने सांसद बंटी विवेक साहू को अपनी मांगों का ज्ञापन भी सौपा। जिसपर सांसद श्री साहू ने मध्यप्रदेश आशा पर्यवेक्षक संगठन की पर्यवेक्षक बहनों को इस संबंध में शीघ्र ही मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव को पत्र प्रेषित करने का आश्वासन देते हुये इसे लेकर मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव से बात करने का आश्वासन भी दिया है।
इस अवसर पर कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सांसद प्रतिनिधि रोहित पोफली, विश्वेन्द्र बैस, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष ममता डोंगरे, मध्यप्रदेश आशा पर्यवेक्षक संगठन की जिलाध्यक्ष उर्मिला भादे, जिला उपाध्यक्ष कुसुम धोटे, जिला सचिव वंदना सूर्यवंशी, जिला सह सचिव उर्मिला सोनी, जिला कोषाध्यक्ष लता अम्बोलकर सहित छिंदवाड़ा और पांढुर्ना के 11 ब्लाकों से बडी संख्या में आई हुई आशा पर्यवेक्षक बहने उपस्थित थी।