Home News Helpline Classified Jobs About Contact

दक्षिण-पश्चिम मानसून को लेकर प्रशासन अलर्ट

दक्षिण-पश्चिम मानसून को लेकर प्रशासन अलर्ट
छिंदवाड़ा
25-Aug-26
आपदा प्रबंधन की तैयारियों के निर्देश

छिन्दवाडा

दक्षिण-पश्चिम मानसून वर्ष 2026 के दौरान जिले में अतिवृष्टि, बाढ़, जलभराव, आकाशीय बिजली, आंधी-तूफान एवं अन्य संभावित प्राकृतिक आपदाओं से उत्पन्न परिस्थितियों में जनहानि तथा जान-माल की क्षति को कम करने के लिए जिला प्रशासन ने आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने संबंधित विभागाध्यक्षों, जिला अधिकारियों एवं डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड को आपदा की स्थिति में प्रभावी समन्वय के साथ कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं।

पूर्व तैयारी करने के दिए निर्देश

निर्देशों के तहत संभावित आपदा की स्थिति में संबंधित विभागों, अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व), तहसीलदारों एवं स्थानीय निकायों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया है। अतिवृष्टि एवं बाढ़ संभावित क्षेत्रों, संवेदनशील गांवों, पुल-पुलियाओं, नदी-नालों तथा अन्य संवेदनशील स्थलों की जानकारी अपडेट रखने और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विभागों से समन्वय कर पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तैयार

आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए उपलब्ध मानव बल, नाव, रेस्क्यू उपकरण, जेसीबी, ट्रैक्टर, एंबुलेंस आदि संसाधनों की उपलब्धता एवं तैनाती के संबंध में समन्वय करने को कहा गया है। जिला एवं तहसील स्तर पर स्थापित नियंत्रण कक्ष/कंट्रोल रूम में सूचनाओं का संकलन कर संबंधित अधिकारियों को तत्काल अवगत कराने तथा आवश्यकतानुसार वरिष्ठ अधिकारियों को प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मौसम विभाग व अन्य विभाग की चेतावनी से सचेत

मौसम विभाग, जिला प्रशासन एवं अन्य संबंधित विभागों से प्राप्त चेतावनियों के आधार पर संबंधित क्षेत्रों में समय पर आवश्यक सावधानियां एवं पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने, प्रभावित व्यक्तियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, राहत शिविरों की व्यवस्था करने तथा खाद्य सामग्री, पेयजल, विद्युत, चिकित्सा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विभागों से समन्वय करने को कहा गया है।

आपदा के दौरान हुई क्षति एवं राहत-बचाव कार्यों की जानकारी समय-समय पर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने तथा भारत सरकार, मध्यप्रदेश शासन, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं अन्य सक्षम प्राधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा आवश्यकता पड़ने पर जिले में गठित विभिन्न राहत एवं बचाव दलों के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्यवाही करने तथा आपदा प्रबंधन से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण कार्यों की जानकारी कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी छिंदवाड़ा को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
Share News On