Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

बुधवारी बाजार में हुई चोरी का आरोपी पकड़ाया, अनेक चोरियों के खुले राज

बुधवारी बाजार में हुई चोरी का आरोपी पकड़ाया, अनेक चोरियों के खुले राज
छिंदवाड़ा
18-Jul-25
चोरी के ऊपर 8चोरी और 2 लूट सहित अन्य मामले पहले से ही दर्ज

छिंदवाड़ा

विगत दिनों बुधवारी बाजार में हुई चोरी से पूरे शहर में हंगामा मच गया था क्योंकि लगभग 70 साल बाद आबादी के इस घने क्षेत्र में चोरी की वारदात हुई थी। घटना के बाद सक्रिय थाना कोतवाली पुलिस ने मात्र 10 दिनों के अंदर ही चोर को पकड़ने में कामयाबी हासिल कर ली। बताया जा रहा है कि चोर के ऊपर पूर्व से ही बहुत सारे मामले दर्ज है। पुलिस ने आरोपी के पास से सोने और चांदी के जेवर सहित अन्य सामान भी जब्त किया है।


शहर में हो रही चोरियों से परेशान कोतवाली पुलिस को तब राहत मिली जब उसने इन चोरियों के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को पुलिस ने बताया कि बुधवारी बाजार में हुई चोरी के साथ ही अन्य स्थानों पर हुई चोरी को अंजाम देने वाला आरोपी शुभम उर्फ शिब्बू राजपूत पकड़ा लिया गया है।  पुलिस ने बताया कि बुधवारी बाजार में हुई चोरी के बाद एक विशेष 10 सदस्यीय टीम का गठन किया गया। टीम ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय पांडे के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष गुप्ता और नगर पुलिस अधीक्षक अजय राणा के मार्गदर्शन में निरीक्षक आशीष कुमार धुर्वे के नेतृत्व में जांच की। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिरतंत्र और सायबर सेल की मदद से पुलिस को पता चला कि आरोपी पुराना छापाखाना निवासी शुभम उर्फ शिब्बू राजपूत है। पुलिसने तुरंत ही शुभम को पकड़ा और पूछताछ की। पूछताछ में शुभम ने चोरी करना स्वीकारा। उसने बताया कि सोनपुर रोड निवासी अनुज उर्फ छुटकी सोनी  भी उसके साथ था। कोतवाली थाने में पदस्थ आशीष कुमार धुर्वे ने जानकारी दी कि शुभम ने आनंदम निवासी जितेन्द्र सिंह बघेल के घर, चूना गली निवासी विशाल सोनी और परासिया रोड निवासी अमित कुमार के घर सहित बुधवारी बाजार में चोरी करना स्वीकार किया है। उसके पास से हार, मंगलसूत्र, नथ, अंगूठी, चांदी के जेवर, पायल, बिछिया, मूर्ति, चम्मच, कटोरी, सिक्के व नगदी सहित लगभग पौने पांच लाख का सामान जब्त किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। 

8 चोरी, 2 लूट सहित अन्य मामले पहले से ही दर्ज

पुलिसने बताया कि आरोपी शुभम एक शातिर बदमाश है। उसके ऊपर पूर्व से ही 8 चोरी, 2 लूट, 1 बलात्कार व 4 मारपीट के मामले दर्ज है। अनुज उर्फ छुटकी सोनी की आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच की जा रही है। इस शातिर बदमाश को पकड़ने में निरीक्षक आशीष कुमार धुर्वे, सउनि ब्रिजेश रघुवंशी, सउनि भगवत तिवारी, सायबर सेल के नितिन सिंह व अन्य की सराहनीय भूमिका रही।
Share News On