आगामी गर्मी से परासिया को मंधान बांध से रोज मिलेगा पानी
छिंदवाड़ा
04-Sep-25
सांसद ने किया भूमिपूजन और दी 38 करोड के कार्यों की सौगात
छिन्दवाड़ा
सांसद विवेक बंटी साहू ने परासिया नगर पालिका परिसर में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन करते हुये शहर के नागरिकों को 38 करोड रुपयों की सौगात दी। इसमें 21 करोड रुपयों की लागत से अमृत टू परियोजना भी शामिल है। जिससे मंधान बांध का पानी परासिया पाईप लाईन से लाया जाएगा। सांसद विवेक बंटी साहू ने कहा कि इससे परासिया को आगामी गर्मियों के मौसम में रोजाना नल से मंधान बांध का पानी मिल सकेगा।

सांसद श्री साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हर घर को पीने का पानी देना चाहते है। अब परासिया के हर घर मे पीने का पानी रोजाना मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि स्टेशन की सडक का सौंदर्यीकरण होगा, नाले के पानी का ट्रीटमेंट होकर पानी उपयोगी बन सकेगा। उन्होंने नगर पालिका से कहा कि पूरे प्रयास कर आगामी गर्मी में मंधान का पानी वितरित कर नागरिकों की परेशानी दूर करें।
कमलनाथ पर साधा निशाना, कहा कोयलांचल की चमक लौटाएंगे
सांसद विवेक बंटी साहू ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नौ बार वे सांसद रहे, पत्नी सांसद रही, बेटा भी सांसद रहा। इसका हिसाब वे नहीं देते। लेकिन उनके एक साल की उपलब्धि पूछते है। उन्होंने कहा कि उनका कार्यकाल 45 साल बनाम एक साल का है। छाती चौड़ी कर इसका हिसाब देंगे। सांसद ने कहा कि छिंदवाडा की चमक कोयले से है। इसकी खोई चमक वे वापस लाकर देंगे। मोआरी भारत ओसी की एनओसी मिली है। आगे भी खदानें खोली जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले में सबसे ज्यादा सीएम राईज स्कूल, उप स्वास्थ्य केंद्र स्वीकृत हुए है। नागपुर छिंदवाडा और छिंदवाडा सिवनी फोरलेन का काम भी शीघ्र होगा। पहली बार ढाई हजार करोड के काम होंगे।
सांसद ने दी सौगाते
सांसद बंटी विवेक साहू ने शहरवासियों को करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात दी है। जिसके तहत अमृत टू परियोजना में लगभग 21 करोड रुपयों की लागत जल आवर्धन योजना, स्वच्छ भारत मिशन के तहत नाले के पानी के ट्रीटमेंट के लिए साढे ग्यारह करोड, मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास से चार करोड नौ लाख से स्टेशन रोड का निर्माण सहित अन्य कार्य, एमआरएफ सेंटर उन्नयनीकरण कार्य के लिए एक करोड 34 लाख, 40 लाख की लागत से सीएसआर फंड से ई लाईब्रेरी का शुभारंभ किया।
सांसद के अथक प्रयासों से परासिया आएगा पानी: विनोद मालवी
नगर पालिका अध्यक्ष विनोद मालवीय ने कहा कि परासिया के लोग रात भर टैंकर का इंतजार करते थे। विवाद भी होते थे। उन्होंने कहा कि वे खुद एक गुडी पानी लेने के लिए दो किलोमीटर दूर जाते थे। ढाई साल की मेहनत और अथक प्रयास से सांसद विवेक बंटी साहू के सहयोग से मंधान का पानी परासिया आएगा। इस गर्मी से ही रोजाना मंधान का पानी परासिया को मिल सकेगा। 38 करोड रुपयों के भूमिपूजन को उन्होंने परासिया के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि जो संकल्प उन्होंने भाजपा की परिषद बनने पर लिया था आज सांसद विवेक बंटी साहू के सहयोग से पूरा हो रहा है।
कार्यक्रम में यह रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
परासिया में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष विनोद मालवीय, उपाध्यक्ष महेश सोमकुंवर, विधानसभा प्रभारी श्रीमती ज्योति डेहरिया, मंडल अध्यक्ष बल्लू नागी, वरिष्ठ भाजपा नेता परमजीत सिंह विज, अरुण कपूर, हरिश्चंद्र अग्रवाल, करमजीत कौर सिरे, नरेंद्र विश्वकर्मा, सुखनंदन जावरे, गोविंद डेहरिया, आशीष जायसवाल, विलास नरोटे, रिजवान कुरैशी, राजू नरोटे, विशवेन्द्र बैस आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बल्लू नागी ने किया।